तस्करी करके महाराष्ट्र ले जाई जा रही 50 लाख रुपये की शराब जब्त, ट्रक चालक गिरफ्तार
मानपुर। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में पुलिस ने एक ट्रक से 50.28 लाख रुपये मूल्य की शराब के 800 बॉक्स जब्त किए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह खेप महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले की सीमा के पास स्थित गांवों में अवैध रूप से भेजी जानी थी जहां शराब की दुकानें नहीं हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की यह बड़ी खेप मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र से लोड की गई थी और इसे छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र के गढ़चिरौली सीमा क्षेत्र तक पहुंचाया जाना था।
पुलिस के अनुसार तस्करों ने शराब परिवहन के लिए लंबा और सुनियोजित रूट तैयार किया था। खेप को नागपुर, देवरी, चिचोला, राजनांदगांव, अंबागढ़ चौकी, मोहला, मानपुर और औंधी मार्ग से महाराष्ट्र सीमा तक पहुंचाने की योजना थी। इसके बाद शराब को गढ़चिरौली जिले की सीमा से लगे गांवों में अवैध रूप से खपाया जाना था।
मानपुर पुलिस को शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अंबिकापुर पासिंग का एक ट्रक भारी मात्रा में शराब लेकर महाराष्ट्र की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही एसडीएम कार्यालय के पास मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान पुलिस ने एक ट्रक को रोका, लेकिन चालक भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान महाराष्ट्र के नागपुर निवासी बलराम सिंह डांगी के रूप में बताई।
तलाशी में ट्रक से 100 पेटी रायल स्टेज, 300 पेटी बीयर और 400 पेटी गोवा व्हिस्की बरामद की गई। कुल 800 पेटी शराब की कीमत 50.28 लाख रुपये आंकी गई है। जब्त ट्रक की कीमत 25 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कार्रवाई में कुल 75.28 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गढ़चिरौली जिले में कई क्षेत्रों में शराब बिक्री पर प्रतिबंध और सीमित उपलब्धता का फायदा उठाकर तस्कर लंबे समय से सीमा क्षेत्र के गांवों को निशाना बना रहे हैं। इसी मांग को देखते हुए शराब की बड़ी खेपें अवैध रूप से पहुंचाने का प्रयास किया जाता है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही शराब की खेप भेजने वाले और प्राप्त करने वाले लोगों की तलाश की जा रही है।













Leave A Comment