पण्डो बस्ती पहुंचें एनएसएस के कैडेट
रायपुर ।सूरजपुर जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति समुदायों की समस्याओं को समझने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में शासकीय नवीन महाविद्यालय, चांदनी बिहारपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्वयंसेवकों ने सराहनीय पहल की है। महाविद्यालय द्वारा गोद लिए गए ग्राम पण्डो बस्ती (कोलसो पारा एवं चौका पारा) में एनएसएस के कैडेट ने पहुंचकर जनजातीय परिवारों की समस्याओं का विस्तृत सर्वेक्षण किया।
प्रभारी प्राचार्य रंजीत कुमार सातपुते के मार्गदर्शन तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र कुमार जायसवाल के निर्देशन में आयोजित इस सर्वेक्षण के दौरान स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी जीवनशैली, दैनिक चुनौतियों और मूलभूत आवश्यकताओं की जानकारी ली।ग्रामीणों ने पेयजल संकट, सड़क सुविधा के अभाव, बच्चों की शिक्षा में आने वाली कठिनाइयों तथा वृद्धा पेंशन से वंचित पात्र हितग्राहियों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। साथ ही क्षेत्र में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को भी गंभीर सामाजिक चुनौती बताया।
एनएसएस टीम ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को जिला प्रशासन तक पहुंचाकर समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे। महाविद्यालय प्रबंधन ने भी पण्डो जनजाति के सामाजिक और शैक्षणिक उत्थान के लिए हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। यह पहल संवेदनशील शिक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आई है।













Leave A Comment