मासिक धर्म जागरूकता कार्यक्रम "जागरूक नारी" का आयोजन 9 जून को
महिलाओं और किशोरियों में माहवारी संबंधी जागरूकता बढ़ाने का प्रयास, विशेषज्ञ डॉक्टर देंगी मार्गदर्शन
बिलासपुर/ महिलाओं और किशोरियों में मासिक धर्म (माहवारी) को लेकर जागरूकता बढ़ाने तथा इससे जुड़े मिथकों एवं संकोच को दूर करने के उद्देश्य से "जागरूक नारी" नामक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार 9 जून को शाम 4 बजे प्रार्थना भवन, जल संसाधन विभाग, बिलासपुर में किया जाएगा।
आर्यन फिल्म्स द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य माहवारी को लेकर समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना, महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराना तथा इस विषय पर खुलकर संवाद को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम का संदेश है कि "माहवारी कोई शर्म की बात नहीं, यह गर्व की बात है।"
कार्यक्रम में शहर की प्रतिष्ठित महिला चिकित्सक उपस्थित रहकर मासिक धर्म से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी देंगी तथा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करेंगी। आयोजन के दौरान माहवारी स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, किशोरियों की समस्याओं तथा सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. एल.सी. मढ़रिया करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथियों में एसएसपी श्री रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों ने जिले की महिलाओं, युवतियों, छात्राओं तथा आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर माहवारी के प्रति सकारात्मक और जागरूक समाज निर्माण में सहभागिता निभाने की अपील की है। कार्यक्रम में बिना झिझक संवाद, विशेषज्ञों से सीधा मार्गदर्शन और जागरूकता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जाएगी।












Leave A Comment