ठाकुरदेवा में पेयजल व्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती
0- जल जीवन मिशन के तहत अधिकांश कार्य पूर्ण, समूह जल प्रदाय योजना से जुड़ने पर होगी नियमित जलापूर्ति
बिलासपुर. जिले के मस्तूरी विकासखंड के ग्राम ठाकुरदेवा में ग्रामीणों को दीर्घकालिक एवं स्थायी पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जल जीवन मिशन के अंतर्गत महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। गांव में स्वीकृत एकल ग्राम जल प्रदाय योजना के अधिकांश निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं और अब इसे हरदी-भटचौरा समूह जल प्रदाय योजना से जोड़कर नियमित एवं पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम ठाकुरदेवा की आबादी लगभग 1840 है तथा वर्तमान में गांव में 16 हैंडपंप संचालित हैं, जिनसे पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है। जल जीवन मिशन के तहत लगभग 76.32 लाख रुपये की लागत से ग्राम जल प्रदाय योजना स्वीकृत की गई थी। इसके अंतर्गत 95 किलो लीटर क्षमता का उच्च स्तरीय जलागार, पाइपलाइन विस्तार, बाउंड्रीवाल निर्माण तथा 330 घरेलू नल कनेक्शन सहित विभिन्न निर्माण कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं।
पीएचई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक चरण में डायरेक्ट पंपिंग के माध्यम से आंशिक जलापूर्ति की जा रही थी, लेकिन पर्याप्त जल क्षमता वाले स्रोत की अनुपलब्धता तथा तकनीकी कारणों से नियमित आपूर्ति प्रभावित हुई। इसी को ध्यान में रखते हुए गांव को हरदी-भटचौरा समूह जल प्रदाय योजना में शामिल किया गया है, जिससे भविष्य में स्थायी और निर्बाध पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। समूह जल प्रदाय योजना के हेडवर्क्स संबंधी कार्य वर्तमान में निविदा प्रक्रिया में हैं। कार्य पूर्ण होने के बाद ग्राम ठाकुरदेवा के सभी परिवारों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इससे ग्रामीणों को लंबे समय तक सुरक्षित और नियमित जलापूर्ति का लाभ मिलेगा।जिला प्रशासन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के संकल्प को साकार किया जा सके।













Leave A Comment