सरोरा बना जनकल्याण का केंद्र: जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने रोजगार, आवास, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के कार्यक्रमों को दी नई गति
0- मनरेगा कार्यों का निरीक्षण, मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान
0- “एक पेड़ माँ के नाम” के तहत वृक्षारोपण और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को मिला नए घर का सुख
रायपुर. जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल ने जनपद पंचायत तिल्दा नेवरा के ग्राम सरोरा में आयोजित विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों में शामिल होकर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का निरीक्षण किया। उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत संचालित कार्यों का अवलोकन किया, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण किया, स्वच्छता अभियान में सहभागिता निभाई तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को नए आवास की चाबियाँ सौंपकर गृह प्रवेश कराया।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत आयोजित 'रोजगार दिवस' से हुई। इस अवसर पर अध्यक्ष श्री अग्रवाल ने 125 दिनों के रोजगार कार्यों में लगे श्रमिकों से संवाद कर उनके कार्यों का निरीक्षण किया तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने श्रमिकों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात उन्होंने ग्राम स्थित शीतला माता मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा स्वच्छता अभियान के तहत मंदिर परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। मंदिर परिसर और पंचायत भवन क्षेत्र में पूर्व में लगाए गए पौधों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत कटहल, जामुन, सीताफल, आम, करंज, आँवला और गुलमोहर सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।
इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को उनके नवीन आवास की चाबियाँ सौंपते हुए फीता काटकर विधिवत गृह प्रवेश कराया। जनपद पंचायत तिल्दा-नेवरा एवं जिला पंचायत रायपुर द्वारा आयोजित आवास दिवस एवं रोजगार दिवस कार्यक्रम में उन्होंने पात्र हितग्राहियों को आवास की चाबियाँ तथा मनरेगा जॉब कार्ड वितरित किए।
अपने संबोधन में नवीन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने देश में आवास क्रांति का मार्ग प्रशस्त किया है और करोड़ों परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हुआ है। छत्तीसगढ़ में भी लाखों आवास स्वीकृत किए गए हैं ताकि कोई भी पात्र परिवार आवास के अधिकार से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएँ जन्म से लेकर जीवन के अंतिम पड़ाव तक आमजन के कल्याण को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं। शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पहुंचे। इसी उद्देश्य से जनप्रतिनिधि लगातार क्षेत्र में जाकर योजनाओं की निगरानी और समीक्षा कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष श्री अग्रवाल ने ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए स्वच्छ, सुंदर और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।











Leave A Comment