मालगाड़ी की चपेट में आकर मादा हाथी की मौत
रायगढ़/रायगढ़ जिले में मालगाड़ी की चपेट में आई एक मादा हाथी की मंगलवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। रायगढ़ जिले के वन मंडलाधिकारी पी.एम. अरविंद ने बताया कि यह हादसा सोमवार रात करीब 10 बजे घरघोड़ा के पास चारगांव में उस समय हुआ जब भ्रमण कर रहा हाथियों का एक झुंड रेल की पटरी पार कर रहा था। अरविंद ने बताया कि इस दौरान एक मादा हाथी मालगाड़ी की चपेट में आ गई और गंभीर रुप से घायल हो गई। इस घटना में मादा हाथी के पिछले पैर में गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्त स्त्राव हो रहा था। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर वन अमला रात में ही घटनास्थल पहुंच कर उसके उपचार में लग गया। चिकित्सकों के एक दल के द्वारा हरसंभव प्रयास के बावजूद उपचार के दौरान आज मादा हाथी की मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि मादा हाथी का पोस्टमार्टम के बाद आज अंतिम संस्कार किया जाएगा। वन विभाग ने मामला दर्ज कर जांच शरू कर दी है।
-













Leave A Comment