करेला एवं उद्यानिकी फसलों की उन्नत खेती से ओमनारायण ध्रुव प्राप्त कर रहे बेहतर आय
महासमुंद. राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत संचालित योजनाएं जिले के किसानों के लिए आय वृद्धि का बेहतर माध्यम बन रहा हैं। विकासखण्ड बागबाहरा के ग्राम जुनवानी खुर्द निवासी प्रगतिशील किसान श्री ओमनारायण ध्रुव ने उद्यानिकी फसलों की वैज्ञानिक खेती अपनाकर अपने आय में अच्छी वृद्धि की है।
श्री ओमनारायण ध्रुव बताते हैं कि उनके पास कुल 2.32 हेक्टेयर सिंचित कृषि भूमि है। जिसमें वर्षभर विभिन्न उद्यानिकी फसलों का उत्पादन किया जाता है, जिससे उन्हें नियमित आय प्राप्त होती है तथा पारंपरिक खेती की तुलना में कहीं अधिक आय अर्जित कर रहे हैं। वर्ष 2025-26 में उन्होंने राष्ट्रीय बागवानी मिशन के अंतर्गत सब्जी क्षेत्र विस्तार योजना के तहत करेला की खेती की। विभाग द्वारा उन्हें 1.00 हेक्टेयर क्षेत्र में करेला उत्पादन हेतु 24 हजार रुपये का अनुदान तथा 0.50 हेक्टेयर क्षेत्र में सपोर्ट सिस्टम स्थापना हेतु 5 हजार रुपये का अनुदान प्रदान किया गया।
कृषक ओमनारायण ध्रुव ने अपनी खेती में ड्रिप सिंचाई एवं कृषि यंत्रों का उपयोग कर आधुनिक तकनीकों को अपनाया, जिससे जल की बचत के साथ फसल उत्पादन में भी वृद्धि हुई। करेला फसल से उन्हें लगभग 12 टन प्रति एकड़ उत्पादन प्राप्त हुआ। फसल का विक्रय औसतन 15 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से किया गया। उत्पादन पर प्रति एकड़ लगभग 39 हजार रुपये की इनपुट लागत, 34 हजार 900 रुपये श्रमिक लागत तथा 9 हजार 900 रुपये अन्य लागत व्यय हुई। सभी खर्चों को घटाने के बाद कृषक को लगभग 96 हजार 200 रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ।
श्री ओमनारायण ध्रुव ने अपनी सफलता का श्रेय राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना, उद्यानिकी विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को दिया है। उनकी सफलता को देखकर ग्राम एवं आसपास के क्षेत्रों के अनेक किसान भी सब्जी एवं उद्यानिकी फसलों की खेती की ओर आकर्षित हो रहे हैं। इससे क्षेत्र में उद्यानिकी फसलों का रकबा बढ़ने के साथ-साथ किसानों की आय में भी वृद्धि हो रही है।






.jpg)






Leave A Comment