मतदाता सूची के प्रकाशन के संबंध में राजनीतिक दलों की बैठक एवं प्रेस कांफ्रेंस आयोजित
- महासमुन्द जिले के चारों विधानसभा में 8 लाख 5 हजार 424 मतदाताओं के नाम प्रारंभिक सूची में दर्ज
-11 नवम्बर तक कर सकते हैं दावा आपत्ति
-मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी को
महासमुन्द / भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य अंतर्गत फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अर्हता तिथि 01/01/2027 के संदर्भ में पुनरीक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किए जाने के निर्देश जारी किए गए है। जिसमें नए मतदाता का नाम जोड़ने, स्थानांतरण एवं मृत मतदाता का नाम विलोपित किए जाने की कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जगन्नाथ वर्मा द्वारा आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजनीतिक दलों एवं मीडिया प्रतिनिधियों की प्रेसवार्ता आहुत कर निर्वाचक नामावली के प्रारंभिक प्रकाशन के संबंध में विधानसभावार मतदाताओं की संख्या एवं इससे संबंधित जानकारी दी गई। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावली के प्रारंभिक प्रकाशन की सूची प्रदान की गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावलियों का प्रारंभिक प्रकाशन आज 12 नवम्बर को किया जाकर आज से 11 नवम्बर 2026 तक दावे आपत्तियां प्राप्त करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही 28 दिसम्बर 2026 तक दावे आपत्तियां निराकरण पश्चात 04 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
उप जिला निवार्चन अधिकारी श्री वर्मा ने बताया कि जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 39 सरायपाली, 40 बसना, 41 खल्लारी एवं 42 महासमुंद में कुल 1161 मतदान केन्द्रों में 8 लाख 5 हजार 424 मतदाताओं का नाम प्रारंभिक प्रकाशन सूची में शामिल है। इनमें 4 लाख 838 पुरुष, 4 लाख 4 हजार 578 महिला एवं 8 अन्य मतदाता शामिल है। बैठक में इंडियन नेशनल कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया मार्क्सवादी के प्रतिनिधि एवं मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद रहे।












Leave A Comment