ब्रेकिंग न्यूज़

 जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं

-अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश  
बिलासपुर /कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देश पर आज नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनी। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने उनसे मिलकर निजी एवं सामुदायिक शिकायत संबंधी आवेदन दिया। उन्होंने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल एवं एडीएम श्री शिवकुमार बनर्जी ने भी लोगों की समस्याएं सुनी। 
  जनदर्शन में आज तखतपुर विकासखंड अंतर्गत उस्लापुर के शासकीय प्राथमिक शाला घुरु की शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सहित अन्य सदस्यों ने नगर निगम आयुक्त के समक्ष स्कूल के जर्जर हो चुके किचन कक्ष के संबंध में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि किचन रूम पूरी तरह से जर्जर हो चुका है, जिससे वहां कभी भी कोई बड़ी अप्रिय घटना हो सकती है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उन्होंने जल्द से जल्द सेंटर किचन के माध्यम से मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम पंचायत दर्राभांठा से आए ग्रामीण धनसाय पात्रे ने बताया कि सरपंच एन.एल. धृतलहरे एवं मनोज बारले द्वारा 30-35 वर्ष पुराने एक सार्वजनिक हैंडपंप में बोर फिटकर उसे कब्जा कर लिया गया है। जिससे पूरे मोहल्ले में पानी का भारी संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने जांच कर दोषियों के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सीपत तहसील के ग्राम कुकुदा निवासी प्रभा बाई साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि को आशा मरकाम द्वारा आहरण करने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनके आवास की राशि को आशा मरकाम नामक महिला ने फर्जी तरीके से आहरण कर लिया। पुलिस में शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर उन्होंने जनदर्शन में राशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
  इसी तरह, ग्राम जलसो निवासी 64 वर्षीय बुजुर्ग किसान अशोक शुक्ला पिछले कई वर्षों से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि दिलाने की मांग की है। 3.40 एकड़ कृषि भूमि के पात्र स्वामी होने और चॉइस सेंटर में कई बार फॉर्म भरने के बावजूद उन्हें योजना की शुरुआत से लेकर आज तक एक भी किश्त प्राप्त नहीं हुई है। बोदरी तहसील के ग्राम पंचायत सरवानी के ग्रामीणों ने गांव के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बिजली संकट के संबंध में ज्ञापन दिया है। स्कूल में नया ट्रांसफार्मर न होने के कारण विद्युत आपूर्ति लगातार बाधित रहती है, जिससे बच्चों की पढ़ाई में व्यवधान आ रहा है। उन्होंने बच्चों के भविष्य को देखते हुए जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने का आग्रह किया है। इसी तरह का लोफंदी से पहुंचे नेतराम, जयराम और सुदर्शन सहित अन्य गरीब भूमिहीन किसानों ने बताया कि शासन द्वारा उन्हें जीवन यापन के लिए दी गई जमीन पर कुछ लोगों द्वारा जबरन कब्जा कर लिया है और अधिकारियों द्वारा सीमांकन संबंधी कार्यवाही नहीं की जा रही है। शहर के मोपका निवासी भगवती प्रसाद ने जनदर्शन में अपनी पुत्री कुमारी अंशिका का प्रवेश स्वामी आत्मानंद स्कूल (हिंदी माध्यम) लिंगियाडीह में दिलाने की गुहार लगाई। आज जनदर्शन में आवास, अवैध कब्जा, भूमि और राजस्व संबंधी शिकायतें मिली। नगर निगम आयुक्त श्री सर्वे ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने एवं समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english