ब्रेकिंग न्यूज़

 अवार्ड पारित प्रकरणों में रिकॉर्ड दुरुस्ती का कार्य करें पूर्ण – कलेक्टर

 - समय-सीमा से बाहर के प्रकरणों का प्राथमिकता से करें निराकरण
 - राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के दिए निर्देश
 - कलेक्टर  तुलिका प्रजापति ने ली राजस्व, आबकारी एवं खनिज विभाग की समीक्षा बैठक

 मोहला । कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजस्व, आबकारी एवं खनिज विभाग के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक लेकर विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा राजस्व, आबकारी एवं खनिज विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
              कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने तहसीलवार राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अविवादित एवं विवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन तथा भू-अर्जन जैसे विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्वामित्व योजना की प्रगति एवं सर्वे कार्यों की समीक्षा करते हुए अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने नक्शा बंटांकन कार्य में तेजी लाने के लिए पटवारियों को लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही अदिनांकित प्रकरणों को समय-सीमा में अद्यतन करने के निर्देश रीडरों को दिए। उन्होंने एग्रीस्टैक पंजीयन की समीक्षा करते हुए भी प्रगति लाने के निर्देश दिए।
              कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जिले में विभिन्न परियोजनाओं के अंतर्गत हुए भू-अर्जन की समीक्षा करते हुए अनुविभागवार प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अवार्ड पारित होने के पश्चात अर्जित भूमि के रिकॉर्ड दुरुस्ती का कार्य तत्काल पूर्ण करना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने डिजिटल हस्ताक्षरित खसरों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने आस्था केंद्र, ठाकुरदेव एवं जिम्मीदारिन को अभिलेखित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने वासिल बाकी नवीस द्वारा कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं लाने पर गहरी नाराजगी जताई तथा रजिस्टरों का नियमित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।   कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने तहसीलवार राजस्व प्रकरणों की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर राजस्व प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि प्रकरणों के निराकरण में गुणात्मक सुधार हो सके। उन्होंने एसडीएम को तहसीलदारों द्वारा निराकृत प्रकरणों का नियमित अवलोकन एवं समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
 कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने राजस्व न्यायालयों में दर्ज लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रकरणों के निराकरण में निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी प्रकार की लेटलतीफी नहीं होनी चाहिए। साथ ही जो प्रकरण समय-सीमा से बाहर हैं और लंबे समय से लंबित हैं, उनके निराकरण में भी समयबद्ध तेजी लाई जाए।
 कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने आबकारी एवं खनिज विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी लेते हुए आबकारी विभाग को अवैध शराब के विक्रय एवं परिवहन पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
खनिज विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने राजस्व लक्ष्य एवं प्राप्ति की जानकारी ली तथा अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर कड़ी निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खनिज प्रभावित ग्रामों एवं वहां किए जा रहे कार्यों की सूची तैयार की जाए, ताकि प्रभावित ग्रामों में आवश्यक विकास कार्य बेहतर ढंग से कराए जा सकें।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english