मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणाओं से युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के खुले द्वार : भाजपा
-नीट एवं जेईई की तैयारी में जुटे छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावासों की स्थापना प्रतिभावान विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देगी
रायपुर। आदिवासी स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विकास मरकाम ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा दुर्ग जिले के लिए शिक्षा और खेल अधोसंरचना से जुड़ी चार अत्यन्त महत्वपूर्ण घोषणाओं का स्वागत करते हुए कहा है कि ये ऐतिहासिक निर्णय प्रदेश के प्रतियोगी परीक्षार्थियों की तैयारियों को नई मजबूती प्रदान करेंगे और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के नए द्वार खोलेंगे।
आदिवासी स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड अध्यक्ष विकास मरकाम ने नीट एवं जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की अहम् प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए 100-100 सीटर छात्र एवं छात्रा छात्रावास स्थापित करने की घोषणा को दूरदर्शी बताया और कहा कि इस निर्णय से सुदूर, ग्रामीण और साधारण आर्थिक पृष्ठभूमि से आने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट आवासीय एवं अध्ययन का अनुकूल वातावरण मिलेगा। अब संसाधनों एवं उचित मार्गदर्शन के अभाव में किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी का डॉक्टर या इंजीनियर बनने का सपना अधूरा नहीं रहेगा। श्री मरकाम ने कहा कि शिक्षा विभाग के कार्यालयों के स्थान पर एकीकृत कम्पोजिट कार्यालय भवन के निर्माण से प्रशासनिक कामकाज में पारदर्शिता, गति और सुगमता आएगी, जिससे शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आमजनों को सहूलियत होगी। इसके साथ ही, सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम तथा फुटबॉल मैदान सह एथलेटिक्स ट्रैक के निर्माण से प्रदेश के खिलाड़ियों एवं युवाओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंचों के लिए खुद को तैयार करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में राज्य सरकार 'युवा कल्याण', 'गुणवत्तापूर्ण शिक्षा' और 'खेल अधोसंरचना' के सुदृढ़ीकरण के संकल्प को धरातल पर उतार रही है। शिक्षा और खेल, दोनों क्षेत्रों में प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का ऐसा अनुकूल वातावरण प्रदान करना छत्तीसगढ़ के स्वर्णिम विकास में मील का पत्थर साबित होगा।










Leave A Comment