समाज कल्याण विभाग की पहल बनी शुभम की नई ताकत
-वॉकर मिला तो बढ़े आत्मविश्वास के साथ कदम
रायपुर। शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं तब सबसे अधिक सार्थक होती हैं, जब वे किसी जरूरतमंद के जीवन में वास्तविक बदलाव लेकर आती हैं। समाज कल्याण विभाग की ऐसी ही एक पहल ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम बांधाबाजार निवासी 90 प्रतिशत दिव्यांग शुभम कुमार गंधर्व के जीवन में नई उम्मीद का संचार किया है।जन्म के कुछ समय बाद पोलियो से प्रभावित होने के कारण शुभम का बचपन अनेक कठिनाइयों के बीच बीता। सामान्य बच्चों की तरह चलना-फिरना उनके लिए संभव नहीं था और दैनिक कार्यों के लिए भी उन्हें परिवार के सहयोग पर निर्भर रहना पड़ता था। सीमित संसाधनों के बावजूद उनके माता-पिता ने कभी उनका हौसला टूटने नहीं दिया। उनकी माता ने अपने हाथों से लकड़ी का सहारा तैयार किया, जिसके सहारे शुभम धीरे-धीरे चलने का प्रयास करते रहे।
इसी बीच समाज कल्याण विभाग की सहायक उपकरण योजना की जानकारी मिलने पर परिवार ने आवेदन किया। विभाग ने संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए शुभम को वॉकर उपलब्ध कराया। यह वॉकर उनके लिए केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर जीवन की नई शुरुआत बन गया।वॉकर मिलने के बाद शुभम अब पहले की तुलना में अधिक सहजता से चल-फिर पा रहे हैं। उनके आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और वे अपने कई दैनिक कार्य स्वयं करने लगे हैं। परिवार के चेहरे पर भी संतोष और खुशी साफ दिखाई देती है। शुभम कहते हैं, वॉकर मिलने के बाद मेरा जीवन पहले से काफी आसान हो गया है। अब मुझे लगता है कि मैं भी अपने दम पर आगे बढ़ सकता हूं। शुभम के पिता श्री अरुण कुमार गंधर्व ने समाज कल्याण विभाग और राज्य शासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता उनके बेटे के लिए किसी नई जिंदगी से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि समय पर मिली इस मदद ने शुभम का आत्मविश्वास बढ़ाया है और पूरे परिवार को नई उम्मीद दी है।













Leave A Comment