ब्रेकिंग न्यूज़

 जिस समाज की महिलाएं सक्रिय, उसे आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकताः डॉ. रमन सिंह

 - महाराष्ट्र मंडल कार्यकारिणी, समितियों व महिला केंद्रों के 225 पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे स्पीकर 
 - मंडल भवन में 100 केवी सौर ऊर्जा प्लांट का शुभारंभ करते हुए डॉ. रमन ने कहा- दूसरे समाजों के लिए यह प्रेरणास्पद
 रायपुर। जिस समाज की महिलाएं सामाजिक उत्थान के कार्यक्रमों में सक्रिय होती हैं, उस समाज को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। महाराष्ट्र मंडल की समितियों, प्रकल्पों और केंद्रों में 80 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी समाज की जागरूकता का प्रमाण है। महाराष्ट्र मंडल के शपथ ग्रहण समारोह में इस आशय के विचार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने व्यक्त किए। समारोह में 14 कार्यकारिणी सदस्यों के साथ 17 समितियों, 17 महिला केंद्रों और 11 प्रकल्पों के करीब 225 पदाधिकारियों और सदस्यों ने शपथ ली। 
डॉ. रमन सिंह ने कहा जिस समाज के डीएनए में महान संत की साधना, वीर सावरकर- तिलक जैसे सेनानियों का शौर्य और कलाकारों की प्रतिभा हो, उस समाज का प्रोडक्ट तो महाराष्ट्र मंडल की तरह अच्छा ही होगा। उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह में ही महाराष्ट्र मंडल के 100 केवी सौर ऊर्जा संयंत्र का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह सौर ऊर्जा संयंत्र अन्य समाजों के लिए प्रेरणास्पद बनेगा। वैसे भी मराठी समाज अन्य समाजों की तुलना में 10-20 साल आगे चल रहा है, इसीलिए उन्हें पूरा भरोसा है कि महाराष्ट्र मंडल की तरह यहां के सदस्य भी अपने घरों पर सौर ऊर्जा प्लांट लगाकर आम लोगों को प्रेरित करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बिजली बनाने के लिए खर्च होने वाले कोयले से कार्बन डाईआक्साइड निकलता है, जिससे प्रदूषण बढ़ता है और ओजोन लेयर कमजोर होती है। अब यूरोपीय देशों सहित अमेरिका भी सौर ऊर्जा की ओर तेजी से अग्रसर है और यह माना जा रहा है कि आगामी 25 सालों में पूरे विश्व में जरूरत की ऊर्जा का लगभग 40 प्रतिशत बिजली सौर ऊर्जा प्लांट से मिल जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिशा में तेजी से काम करते हुए सौर ऊर्जा की योजना को पूरे देश में लागू कर चुके हैं। हमें इसमें अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। 
डॉ. रमन सिंह ने मंडल के प्रकल्पों की चर्चा करते हुए कहा कि कई दशकों से जिस तरह समाजसेवा के यह कार्य सुचारू रूप से चल रहे है, उन्हें पूरा विश्वास है कि भविष्य में गुरुकुल और गोशाला भी अन्य प्रकल्पों की तरह ही समाजसेवा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले की दो मांगों मराठी साहित्य एवं कला अकादमी और सर्व समाज आयोग को लेकर कहा कि वे इन दोनों मांगों के संदर्भ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं संबंधित अधिकारियों से चर्चा करेंगे। 
80 फीसदी बिजली बिल घट जाएगा मंडल का
कार्यक्रम के विशेष अतिथि सीएसपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने महाराष्ट्र मंडल के 100 केवी सौर ऊर्जा प्लांट की प्रशंसा की और कहा कि अपने स्टाफ के साथियों से जब उन्होंने इस संदर्भ पर चर्चा की तो पता चला कि इस समय महाराष्ट्र मंडल की बिजली खपत प्रतिमाह 13 हजार यूनिट है, जबकि 100 केवी सौर ऊर्जा प्लांट लगने से मंडल का ही ऊर्जा उत्पादन प्रतिमाह करीब 10 हजार यूनिट प्रतिमाह होगा। इसका आशय है कि अगले माह से महाराष्ट्र मंडल का लगभग 75 से 80 प्रतिशत तक का बिजली बिल कम हो जाएगा और 100 केवी ऊर्जा संयंत्र लगाने में आई लागत महज चार सालों में रिकवर हो जाएगी। उसके बाद बिजली उत्पादन से मिलने वाली राशि महाराष्ट्र मंडल के समाजसेवी कार्यों में काम आएगी। 
अध्यक्षीय संबोधन में अजय मधुकर काले ने महाराष्ट्र मंडल की ओर से मुख्य अतिथि डॉ. रमन सिंह को दिए जाने वाले दोनों मांग पत्र की जानकारी दी और विश्वास व्यक्त किया कि यह मांगें अतिशीघ्र पूरी हो जाएंगी। काले ने कहा कि साल 1935 से लेकर आज तक महाराष्ट्र मंडल के हर एक सभासद जितनी शिद्दत, जुनून और समर्पण के साथ काम कर रहे है , उससे ही यह संस्था लगातार आगे बढ़ती जा रही है और आगे बढ़ेगी भी। इससे पहले सचिव चेतन गोविंद दंडवते ने महाराष्ट्र मंडल के 91 वर्षों के गौरवशाली इतिहास की जानकारी दी। शपथ ग्रहण समारोह का संचालन दीपक हटवार ने किया। जबकि आभार प्रदर्शन मंडल उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल ने किया। इस मौके पर पार्षद आनंद अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों, मंडल के सभासदों व पदाधिकारियों से मंडल का संत ज्ञानेश्वर सभागृह खचाखच भरा रहा।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english