महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम जोन 5, 6, 7 में पहुंचकर कार्यों की समीक्षा की
-जलभराव की समस्या दूर करना सर्वोच्च प्राथमिकता, विशेष सफाई अभियान चलाये, अवैध पाटो एवं अतिक्रमणों को हटाकर छोटी नालियों का निर्माण करवाकर जल की सुगम निकासी सुनिश्चित करें
-लगभग प्रत्येक वार्ड में पेयजल समस्या है, उसका त्वरित निराकरण पाईप लाईन विस्तार कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर करवाये
रायपुर - आज रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने जोन 5, 6, 7 पहुंचकर वहां वार्ड पार्षदों सहित कार्यों की समीक्षा कर जोन अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये। समीक्षा बैठक में नगर निगम की मूलभूत सुविधाओं एवं जनसमस्याओं की विस्तृत जानकारी लेते हुए पार्षदों से चर्चा कर अधिकारियों को निर्देशित किया गया। बैठक में महापौर ने जोनो में विशेष रूप से पेयजल व्यवस्था, जलभराव की समस्या, अवैध निर्माणों पर कार्रवाई, स्वीकृत नक्शे के अनुरूप निर्माण, पूर्णता प्रमाण पत्र, स्वच्छता व्यवस्था तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के संबंध में निर्देश दिये।
महापौर ने निर्देशित किया है कि शहर के सभी वार्डों में जहां-जहां पेयजल आपूर्ति संबंधी समस्या उत्पन्न हो रही है, वहां नई पाइपलाइन बिछाने एवं पाइपलाइन विस्तार के प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर तैयार कर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि आगामी ग्रीष्म ऋतु में नागरिकों को निर्बाध एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। महापौर ने परशुराम नगर की 7-8 वर्षों से लंबित पेयजल समस्या का स्थायी समाधान नई पाइपलाइन बिछाकर करने, भैरव नगर में वैकल्पिक जलापूर्ति व्यवस्था तत्काल प्रारंभ करने, टैगोर नगर के बस्ती क्षेत्रों में पाइपलाइन विस्तार करने तथा चंगोराभाठा क्षेत्र में प्रगतिरत पाइपलाइन विस्तार कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए है।
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि जिन क्षेत्रों में प्रतिवर्ष जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, वहां जियो टैगिंग के माध्यम से विस्तृत सर्वे कराया जाए तथा वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र स्वीकृति प्राप्त करते हुए स्थायी समाधान के कार्य प्रारंभ किए जाएं। उन्होंने अवरोधक दीवारों को हटाने, नई नालियों का निर्माण कराने, जल निकासी में बाधक अतिक्रमण हटाने, सहायक नालों की अंतिम छोर तक सफाई सुनिश्चित करने तथा जलभराव वाले सभी चिन्हित स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। कुशालपुर क्षेत्र में जलभराव की स्थायी समस्या के समाधान के लिए पहाड़ी तालाब में प्रस्तावित एसटीपी निर्माण की दिशा में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए महापौर ने रामकी कंपनी को सभी क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण नियमित, समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा सभी वार्डों में नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही डीडी नगर क्षेत्र में वर्षों से बंद सेप्टिक टैंक सक्शन मशीन के माध्यम से सफाई व्यवस्था को तत्काल पुनः प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए।
टाउन प्लानिंग विभाग की समीक्षा के दौरान महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 5000 वर्गफुट अथवा उससे अधिक क्षेत्रफल वाले भवनों एवं कॉलोनियों का निर्माण स्वीकृत भवन अनुज्ञा (नक्शा) के अनुरूप है या नहीं, इसका अनिवार्य रूप से स्थल निरीक्षण एवं अभिलेखों का मिलान किया जाए। संतोषजनक परीक्षण के उपरांत ही पूर्णता प्रमाण पत्र जारी किया जाए। साथ ही 5000 वर्गफुट अथवा उससे अधिक क्षेत्रफल वाली कॉलोनियों को जोन स्तर पर पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करने पर रोक लगाते हुए ऐसे सभी प्रकरण सक्षम प्राधिकारी स्तर पर नियमानुसार निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कहीं स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण पाया जाता है तो संबंधित उप अभियंता एवं अभियंता की व्यक्तिगत जवाबदेही निर्धारित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
महापौर ने अवैध निर्माणों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए निर्देशित किया है कि जिन मामलों में तीन नोटिस जारी किए जा चुके हैं, वहां बिना किसी विलंब के कार्रवाई की जाए। कार्रवाई की प्राथमिकता निर्धारित करते हुए सर्वप्रथम मुख्य मार्गों पर स्थित अवैध निर्माण, इसके पश्चात पार्किंग क्षेत्रों एवं संकरी सड़कों पर किए गए अतिक्रमण तथा अंत में अन्य क्षेत्रों में स्थित अवैध निर्माणों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में सभी वाडों के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। महापौर ने जोन 5 के प्रत्येक वार्ड के लिए 4-4 लाख रूपए की लागत के विकास कार्यों के प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी पार्षदों को अपने-अपने वार्डों में उपयुक्त स्थानों का चिन्हांकन कर वेंडिंग जोन प्रस्तावित करने तथा उसकी कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्वक उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा प्रत्येक निर्देश के प्रभावी क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आज महापौर श्रीमती मीनल चौबे द्वारा ली गई समीक्षा बैठक में जोन 5 में जोन अध्यक्ष श्री अम्बर अग्रवाल, एमआईसी सदस्य श्रीमती सुमन अशोक पाण्डेय, पार्षद श्री आशु चंद्रवंशी, श्रीमती ममता सोनू तिवारी, श्रीमती दुर्गा यादराम साहू, श्री कृष्णा सोनकर, एल्डरमेन श्री रामकिंकर सिंह ठाकुर, श्री अनिल सोनकर सहित जोन 5 जोन कमिश्नर श्री खीरसागर नायक एवं अन्य संबंधित जोन अधिकारीगण, जोन 6 की बैठक में जोन अध्यक्ष श्री बद्री प्रसाद गुप्ता, पार्षद श्रीमती स्वप्निल मिश्रा, श्रीमती जयश्री नायक, श्री रवि सोनकर, श्री प्रमोद कुमार साहू, श्री रमेश सपहा एल्डरमेन श्री मनीष करडभुजे, जोन 6 जोन कमिश्नर श्री हितेन्द्र यादव सहित अन्य संबंधित जोन अधिकारीगण एवं जोन 7 की बैठक में जोन अध्यक्ष श्रीमती श्वेता विश्वकर्मा, एमआईसी सदस्य श्री भोलाराम साहू, पार्षद श्री आनंद अग्रवाल, श्रीमती रोनिता प्रकाश जगत, श्रीमती मीना ठाकुर, श्रीमती दीप मनीराम साहू, जोन 7 कमिश्नर डॉ. तृप्ति पाणीग्रही सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण की उपस्थिति रही।







.jpg)


Leave A Comment