जनभागीदारी से सशक्त होंगे अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाएं: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
-चाँदनी बिहारपुर में जीवन दीप समिति की बैठक, गुणवत्तापूर्ण उपचार और पारदर्शी प्रबंधन पर दिया जोर
रायपुर । महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा है कि अस्पतालों को केवल उपचार केंद्र नहीं, बल्कि जनविश्वास का मजबूत आधार बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने जीवन दीप समितियों में जनभागीदारी बढ़ाकर स्वास्थ्य संस्थानों को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और जनोन्मुख बनाने पर विशेष बल दिया।
सूरजपुर जिले के चाँदनी बिहारपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में आयोजित जीवन दीप समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने समिति के एजेंडानुसार विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में समिति के पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य (चिरायु) कार्यक्रम की समन्वय समिति के अंतर्गत स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों को प्रदान की गई स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कैटेगरीवार बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, फॉलोअप तथा निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धियों का मूल्यांकन करते हुए आवश्यक सुधारात्मक सुझाव दिए गए।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि जीवन दीप समिति का गठन अस्पताल प्रबंधन में स्थानीय समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि समिति नियमानुसार वार्षिक बजट एवं आय-व्यय पत्रक तैयार कर सामान्य सभा से अनुमोदन प्राप्त करे, ताकि वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता और संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके।उन्होंने बीमा क्लेम की शत-प्रतिशत वसूली, अस्पताल भूमि के समुचित प्रबंधन, मेडिकल अपशिष्ट के सुरक्षित निष्पादन तथा एम्बुलेंस एवं अन्य वाहनों के नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही मरीजों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं, नियमित उपचार तथा ब्लड बैंक जैसी आवश्यक सुविधाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराने पर जोर दिया।मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने समिति के सदस्यों से अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा अस्पताल प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने संबंधी विभिन्न सुझावों पर भी चर्चा की गई।
अंत में मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से ही जीवन दीप समिति अपने उद्देश्यों में पूर्ण सफलता प्राप्त कर सकेगी और प्रदेश में बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।












Leave A Comment