राज्य खेल अलंकरण, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, नगद पुरस्कार एवं खेलवृत्ति के लिए आवेदन आमंत्रित, अंतिम तिथि 5 अगस्त
रायपुर । खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए राज्य खेल अलंकरण, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, नगद पुरस्कार, प्रेरणा निधि एवं खेलवृत्ति (डाइट मनी) के लिए पात्र खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विभाग द्वारा प्रतिवर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को विभिन्न राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जाता है।
राज्य खेल अलंकरण के अंतर्गत सीनियर वर्ग के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों को शहीद कौशल यादव पुरस्कार, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शहीद पंकज विक्रम सम्मान तथा खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के व्यक्तियों को शहीद विनोद चौबे सम्मान प्रदान किया जाएगा। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता वरिष्ठ एवं जूनियर टीमों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।
पुरस्कारों के अंतर्गत शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार के लिए 3 लाख रुपये, शहीद कौशल यादव एवं वीर हनुमान सिंह पुरस्कार के लिए 1.50-1.50 लाख रुपये, जबकि शहीद पंकज विक्रम सम्मान एवं शहीद विनोद चौबे सम्मान के लिए 25-25 हजार रुपये की नगद राशि प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार सीनियर एवं जूनियर वर्ग के दलीय खेलों के लिए मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, जिसमें ऐसे दलीय खेल जिसके सदस्यों की संख्या 4 है उन्हें सीनियर वर्ग में 2 लाख रूपए एवं जूनियर वर्ग में 1 लाख रूपए का पुरस्कार तथा ऐसे दजीय खेल जिनमें सदस्यों की संख्या 4 से अधिक है उन्हें सीनियर वर्ग में 5 लाख रूपए एवं जूनियर वर्ग में 3 लाख रूपए का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। साथ ही पुरस्कार के साथ मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर एवं टाई भी प्रदान की जाएगी।
वर्ष 2025-26 (1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026) के दौरान वे खिलाड़ी जो सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया है वे खिलाड़ी जिला कार्यालय एवं अपने खेल संघों में आवेदन कर सकते हैं। साथ ही खेलवृत्ति (डाइट मनी) के लिए जिन खिलाड़ियों ने अधिकृत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया हो या राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व किया हो खेलवृत्ति हेतु आवेदन कर सकते हैं, खेलवृत्ति के लिए अधिकतम आयु 19 वर्ष निर्धारित है।
पुरस्कार, नगद राशि, खेलवृत्ति एवं प्रेरणा निधि के आवेदन पत्र संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण, जिला कार्यालयों तथा राज्य खेल संघों से प्राप्त किए जा सकते हैं।
राज्य खेल संघों की अनुशंसा सहित आवेदन जिला कार्यालय अथवा संचालनालय में जमा करने की अंतिम तिथि 5 अगस्त 2026 कार्यालयीन समय तक निर्धारित की गई है। आवेदन पत्रों का प्रारूप विभाग की वेबसाइट http//sportsyw.cg.gov.in पर उपलब्ध है तथा सभी पुरस्कारों के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही मान्य होंगे।
पुरस्कार नियमों के अनुसार जिन खिलाड़ियों की मान्यता प्राप्त खेल संघ द्वारा अनुशंसा नहीं की गई है, लेकिन उनकी उपलब्धियां तुलनात्मक रूप से अधिक हैं, वे निर्धारित प्रारूप में अपना व्यक्तिगत आवेदन एवं उपलब्धियों का विवरण 5 अगस्त 2026 तक संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, जी.ई. रोड, रायपुर अथवा खेल विभाग के जिला कार्यालय में सीधे जमा कर सकते हैं।






.jpg)



Leave A Comment