जिले में 13 अगस्त को जिला स्तरीय एक्सपोर्ट अवेयरनेस कैम्प एवं ई-कामर्स एक्सपोर्ट समिट का आयोजन
0- स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, कृषि उपज एवं एमएसएमई उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने पर विशेष जोर
रायपुर। विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT), वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के “Districts as Export Hubs (DEH)” अभियान के अंतर्गत रायपुर जिले में निर्यात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में 13 अगस्त 2026 को प्रातः 10:30 बजे से जिला स्तरीय “एक्सपोर्ट अवेयरनेस कैम्प एवं ई-कामर्स एक्सपोर्ट समिट” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम ताराचंद विमला देवी फाउंडेशन, विमतारा, मधु पिल्ले चौक के पास, शांति नगर (इंद्रावती कॉलोनी) में आयोजित होगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, कृषि उपज तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) से जुड़े उद्यमियों को वैश्विक एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ना तथा उन्हें निर्यात की संभावनाओं, प्रक्रियाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग विभाग, विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) क्षेत्रीय प्राधिकरण नागपुर, APEDA, ECGC, MSME, DHL, Walmart सहित विभिन्न संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं विशेषज्ञ शामिल होंगे। प्रतिभागियों को निर्यात से संबंधित प्रक्रियाओं, वित्तीय सहायता, लॉजिस्टिक्स, बाजार संपर्क तथा ई-कॉमर्स के माध्यम से निर्यात के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
जिला प्रशासन का उद्देश्य रायपुर जिले को एक आत्मनिर्भर औद्योगिक एवं निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करना है। इस पहल के माध्यम से जिले के छोटे-बड़े व्यापारी, उद्यमी एवं उत्पादक सीधे निर्यात विशेषज्ञों से संवाद कर सकेंगे तथा अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की संभावनाओं को समझ सकेंगे।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, रायपुर द्वारा जिले के निर्यातकों, उद्योगपतियों, उद्योग संघों, MSME उद्यमियों, FPO (किसान उत्पादक संगठन), हस्तशिल्पियों, स्टार्टअप्स एवं SHGs से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की गई है।











Leave A Comment