विश्व स्तनपान सप्ताह दिवस पर विशेष जागरूकता एवं परामर्श कार्यक्रम का हुआ आयोजन
राजनांदगांव । मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी विश्व स्तनपान सप्ताह दिवस पर जिला चिकित्सालय परिसर बसंतपुर में आयोजित विशेष जागरूकता एवं परामर्श कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने नवजात शिशुओं के समुचित पोषण एवं स्वस्थ्य भविष्य के लिए स्तनपान को बढ़ावा देने तथा इसके प्रति समाज को जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं की माताओं एवं उनके परिजनों को मां के दूध के महत्व और शिशु के सही पोषण से संबंधित जानकारी दी गई। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी भ्रांतियों को दूर किया। कार्यक्रम में बताया गया कि शिशु के जन्म के तुरंत बाद (पहले एक घंटे के भीतर) दिया जाने वाला गाढ़ा पीला दूध (कोलोस्ट्रम) बच्चे के लिए पहला टीका होता है। यह नवजात शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यूनिटी) को मजबूत करता है और उसे कई घातक बीमारियों से बचाता है। जीवन के शुरूआती 6 महीनों तक शिशु को केवल मां का दूध ही देना चाहिए। माताओं को स्तनपान कराने के सही तरीके, मुद्रा (पोजीशन) और अपने खान-पान व पोषण का ध्यान रखने की सलाह दी। इस दौरान बताया गया कि मां का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना शिशु के स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने महिलाओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया। साथ ही शासकीय नर्सिंग कालेज की छात्राओं द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह का महत्व पर आधारित एक प्रेरक नाट्य प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बसंल, मुख्य चिकित्सा एव स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ, अल्पना लूनिया, सिविल सर्जन सह अस्पताल मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेन्द्र प्रसाद, डॉ. माधुरी खुटें, डॉ. विक्रम बैद, डॉ. कमलेश जंघेल, डॉ. तरूण कोठारी, नर्सिंग कालेज के प्राचार्य श्रीमती ममता नायक, प्रसूति विभागाध्यक्ष, शिशु रोग विभागाध्यक्ष सहित विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ उपस्थित थे।










Leave A Comment