ब्रेकिंग न्यूज़

 गन्ना खरीदी मूल्य में बढ़ोतरी से किसानों के चेहरे पर खिली मीठी मुस्कान

0- अब 425 रुपए प्रति क्विंटल की दर से होगी गन्ने की खरीदी, पिछले पेराई सत्र के गन्ने पर भी मिलेगा बढ़ी हुई दर का लाभ
0- बोनस की सौगात से दीपावली से पहले चमके गन्ना उत्पादक किसानों के चेहरे, आर्थिक मजबूती की जगी नई उम्मीद
0- किसानों ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
बालोद. गन्ना खरीदी मूल्य में बढ़ोतरी और पिछले पेराई सत्र के गन्ने पर भी बढ़ी हुई दर का लाभ मिलने से जिले के गन्ना उत्पादक किसानों के चेहरे पर मीठी मुस्कान खिल उठी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के संवेदनशील नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा गन्ने के खरीदी मूल्य में 70 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि किए जाने से अब गन्ने की खरीदी 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। खास बात यह है कि पेराई सत्र 2025-26 के दौरान पहले खरीदे जा चुके गन्ने पर भी बढ़ी हुई दर लागू होगी। इससे किसानों को अंतर की राशि बोनस के रूप में मिलेगी। दीपावली से पहले मिली इस सौगात ने किसानों की खुशियों को दोगुना कर दिया है। अतिरिक्त राशि मिलने से किसानों को घरेलू जरूरतें पूरी करने, खेती में निवेश करने और अधूरे कार्यों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप की मंशानुरूप तथा कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के मागदर्शन में जिले के गन्ना कृषकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में दंतेश्वरी मैया सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित बालोद द्वारा गन्ना कृषकों के खातों में 2 करोड़ 3 लाख 12 हजार 725 रुपए की राशि जारी की गई है।
गन्ने की खेती से कम लागत में बेहतर लाभ की उम्मीद
ग्राम सोहतरा के किसान श्री देवीलाल डडसेना पिछले सात वर्षों से गन्ने की खेती कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि धान की तुलना में गन्ने की खेती में कम पानी की जरूरत पड़ती है और उन्हें इससे बेहतर लाभ मिलने की उम्मीद रहती है। सरकार द्वारा गन्ने का खरीदी मूल्य बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने और पिछले पेराई सत्र के गन्ने पर भी बढ़ी हुई दर का लाभ दिए जाने से किसानों में खुशी है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से गन्ना उत्पादक किसानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और वे खेती को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
बोनस की राशि से घर के अधूरे काम होंगे पूरे, दीपावली की खुशियां होंगी दोगुनी
किसान श्री राम कुमार पटेल दो एकड़ में गन्ने की खेती कर रहे हैं। खरीदी मूल्य में बढ़ोतरी से उत्साहित श्री पटेल ने बताया कि वे आने वाले समय में गन्ने की खेती का रकबा बढ़ाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसले से किसानों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिलेगी। बोनस की राशि से उनके घर के निर्माण कार्य को पूरा करने में मदद मिलेगी। दीपावली से पहले अतिरिक्त राशि मिलने से परिवार की खुशियां बढ़ गई हैं। उन्होंने इस जनकल्याणकारी निर्णय को किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
बढ़े हुए खरीदी मूल्य से किसानों को मिलेगा मेहनत का बेहतर प्रतिफल
ग्राम सोहतरा के वरिष्ठ किसान श्री मनोहर लाल सिन्हा शक्कर कारखाना खुलने के समय से ही गन्ने की खेती कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि गन्ने की खेती से किसानों को बेहतर आय प्राप्त करने का अवसर मिलता है। खरीदी मूल्य में 70 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि होने से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा। साथ ही पिछले पेराई सत्र के गन्ने पर भी बढ़ी हुई दर का लाभ मिलने से किसानों को अतिरिक्त राशि प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय किसानों की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षाओं को पूरा करने वाला है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया।
किसानों की खुशहाली से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था
राज्य शासन के इस निर्णय से गन्ना उत्पादक किसानों को आर्थिक संबल मिलने के साथ ही गन्ने की खेती के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा। खरीदी मूल्य में बढ़ोतरी और पिछले पेराई सत्र के लिए बोनस का लाभ मिलने से किसानों को अपनी जरूरतें पूरी करने तथा आगामी खेती की तैयारी करने में सहूलियत होगी।
दीपावली से पहले मिली इस सौगात ने गन्ना उत्पादक परिवारों की खुशियों में मिठास घोल दी है। गन्ने के बढ़े हुए दाम से किसानों के चेहरों पर मीठी मुस्कान खिली है, वहीं बोनस की राशि मिलने की खुशी से उनके चेहरे दीपावली से पहले ही चमक उठे हैं। किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल मिलने से जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english