ब्रेकिंग न्यूज़

राज्योत्सव में दिखी छत्तीसगढ़ के विकास की झलक

-सांसद भोजराज नाग ने किया समारोह का शुभारंभ
सांसद श्री नाग ने रिबन खींचकर किया जिला स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ
विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र, उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों एवं कर्मियों का हुआ सम्मान
बालोद/छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बालोद जिले के स्वर्गीय सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने रिबन खींचकर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।
दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित कर सादगी से मनाया राज्योत्सव
मुख्य अतिथि सांसद श्री भोजराज नाग ने अपने संबोधन की शुरुआत दिवंगत विधायक श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित कर की। उन्होंने कहा कि उनके निधन से पूरा क्षेत्र शोकाकुल है। इसी भाव को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष राज्योत्सव को सादगीपूर्ण ढंग से मनाया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पत्रकारों और नागरिकों का अभिनंदन करते हुए प्रदेशवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं दीं।
अटल जी के प्रयासों से बना छत्तीसगढ़, विकास के पथ पर लगातार अग्रसर
सांसद श्री नाग ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी प्रयासों से छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण हुआ। राज्य स्थापना के बाद से प्रदेश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति की है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
जनकल्याणकारी योजनाओं से आम नागरिकों के जीवन में आ रहा बदलाव
अपने संबोधन में सांसद श्री नाग ने प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने, आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधा देने तथा महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान करने का उल्लेख किया। उन्होंने किसान सम्मान निधि और समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सहित किसानों के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि किसानों को धान का 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान, कृषि आदानों पर सहायता तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से खेती-किसानी को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
कलेक्टर ने प्रस्तुत किया जिले की उपलब्धियों और विकास कार्यों का प्रतिवेदन
समारोह में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और विभागीय उपलब्धियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने जिले में शासन की योजनाओं के माध्यम से आम नागरिकों को मिल रहे लाभ तथा विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे कार्यों की जानकारी दी। प्रतिवेदन के माध्यम से जिले की विकास यात्रा और प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया गया।
विभागीय प्रदर्शनी में दिखी शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की झलक
राज्योत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, हितग्राहीमूलक गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी प्रदर्शित की गई। प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी गई। नागरिकों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों और कर्मियों का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान विभिन्न विभागों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी तरह समर्पण और उत्साह के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत पर जताया गर्व
सांसद श्री नाग ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भगवान श्रीराम के ननिहाल और उनके वनवास काल की स्मृतियों से जुड़ी पावन भूमि है। यहां की लोककला, लोकगीत, लोकनृत्य और परंपराएं प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। उन्होंने ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ के भाव के साथ सभी नागरिकों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर संजारी बालोद विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चैधरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण, अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य एवं श्री हरिवंश सिंह मिरी सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी ने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english