केंद्र ने कर्ज के बोझ से दबे केरलम के लिए 2,600 करोड़ रुपये जारी किए: राजीव चंद्रशेखर
तिरुवनंतपुरम. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरलम इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य के लिए करीब 2,600 करोड़ रुपये जारी किए हैं। चंद्रशेखर ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार इस राशि का इस्तेमाल लोगों के हित में करेगी। चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि कर्ज के बोझ से दबे केरलम की सरकार और लोगों के लिए केंद्र से यह राशि जारी होना अच्छी खबर है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री वी डी सतीशन के नेतृत्व वाली सरकार कर्ज में डूबी होने के कारण दवाओं, बिजली और रोजगार के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध नहीं करा पा रही है। उन्होंने इस राशि के आवंटन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया।
चंद्रशेखर ने पोस्ट में कहा, ''केरलम के स्थापना दिवस पर राज्य सरकार और लोगों के लिए अच्छी खबर है। केंद्र सरकार ने 2,600 करोड़ रुपये जारी किए हैं। मुख्यमंत्री वी डी सतीशन के नेतृत्व में कर्ज के बोझ से दबा केरलम दवाओं, बिजली और रोजगार के लिए संसाधन उपलब्ध नहीं करा पा रहा है। इसके लिए नरेन्द्र मोदी जी का धन्यवाद। अब उम्मीद है कि केरलम सरकार इस राशि का इस्तेमाल लोगों के हित में करेगी और इसे पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के कार्यकाल की तरह निहित स्वार्थों को हड़पने नहीं देगी।'' भाजपा नेता की इस पोस्ट पर न तो सतीशन और न ही विजयन ने कोई प्रतिक्रिया दी है।
चंद्रशेखर के पोस्ट के मुताबिक, केंद्र ने उत्तर प्रदेश को 19,000 करोड़ रुपये से अधिक, बिहार को 10,000 करोड़ रुपये से अधिक, मध्य प्रदेश को 8,010 करोड़ रुपये, पश्चिम बंगाल को 7,866 करोड़ रुपये और महाराष्ट्र को 7,022 करोड़ रुपये जारी किए हैं।






.jpeg)


.jpg)
Leave A Comment