अग्रणी बैंक प्रबंधक ने ली पीएम स्वनिधि योजना के लंबित आवेदनों के प्रगति की समीक्षा
दुर्ग. कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार अग्रणी बैंक कार्यालय दुर्ग द्वारा नगर निगम दुर्ग, भिलाई, रिसाली एवं भिलाई-चरोदा क्षेत्रांतर्गत पीएम स्वनिधि योजना के तहत बैंक शाखाओं में लंबित आवेदनों के निराकरण हेतु समीक्षा बैठक ली गई।
बैठक में नगर निगम दुर्ग आयुक्त सुश्री लीना कोसम, नगर निगम भिलाई आयुक्त सुश्री सुरुचि सिंह एवं अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री संजय गर्ग सहित बैंक शाखाओं के शाखा प्रबंधक बैठक में उपस्थित थे। बैठक के दौरान सभी संबंधित बैंक शाखाओं के लंबित आवेदनों की जानकारी प्रस्तुत करते हुए शाखावार समीक्षा की गई तथा संबंधित शाखा प्रबंधकों से आवेदनों के लंबित रहने के कारणों पर जवाब मांगा गया। इस दौरान बैंक शाखाओं एवं निगम अधिकारियों ने अपनी-अपनी समस्याओं एवं व्यावहारिक कठिनाइयों से अवगत कराया।
अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री संजय गर्ग ने बताया कि कलेक्टर द्वारा प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को बैंक शाखाओं में विशेष रूप से शासकीय प्रायोजित योजनाओं के आवेदनों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में सभी संबंधित बैंक शाखाओं एवं नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि 30 नवंबर 2026 तक पीएम स्वनिधि योजना के सभी लंबित आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।













Leave A Comment