प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को नशा मुक्त बनाने के लिए सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को नशा मुक्त बनाने से जुड़े प्रयासों में समुदायों, आध्यात्मिक संगठनों और शैक्षणिक संस्थानों की अधिक भागीदारी का बृहस्पतिवार को आह्वान किया। मोदी ने कहा कि मादक पदार्थों की समस्या से निपटने के लिए की जाने वाली पहल केवल नियमित और प्रतीकात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने शारीरिक और मानसिक अक्षमता की जल्द पहचान करने और उनसे जुड़ी सामाजिक वर्जनाओं को दूर करने के लिए अधिक "जन भागीदारी" का भी आह्वान किया। मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सम्मेलन के समापन सत्र की अध्यक्षता की। इसमें सामाजिक योजनाओं में जनभागीदारी बढ़ाने, किफायती सहायक तकनीक विकसित करने के लिए स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने और नशा मुक्त भारत के लिए समाज के सभी वर्गों के साथ मिलकर प्रयास करने पर मुख्य रूप से जोर दिया गया।'' इस सम्मेलन में सामाजिक समावेशन को मजबूत करने, दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण, मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम और जनभागीदारी के लिए नए तरीके अपनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मंत्रियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। मोदी ने कहा कि सम्मेलन में हुई चर्चा और उससे निकले कार्य बिंदु केंद्र तथा राज्यों के बीच साझा उद्देश्य की भावना को दर्शाते हैं। उन्होंने जोर दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रतिस्पर्धी और सहकारी संघवाद की भावना मार्गदर्शक होनी चाहिए और राज्यों को एक-दूसरे के अनुभवों तथा नवाचारों से सीखना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि झिझक, सामाजिक कलंक का डर और जागरूकता की कमी के कारण अक्सर माता-पिता अपने बच्चों की समस्याओं को पहचान नहीं पाते या उनके लिए समय पर मदद नहीं ले पाते। उन्होंने कहा कि समुदाय आधारित दृष्टिकोण से माता-पिता की झिझक दूर करने और शुरुआती स्तर पर मदद लेने को अधिक स्वीकार्य बनाने में मदद मिल सकती है। मोदी ने जागरूकता फैलाने के लिए नए तरीके अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि खासकर प्रौद्योगिकी के माध्यम से महत्वपूर्ण संदेशों को सरल और सुलभ तरीके से लोगों तक पहुंचाया जाना चाहिए। नशा मुक्त भारत अभियान पर चर्चा करते हुए मोदी ने जोर दिया कि मादक पदार्थों के दुरुपयोग की समस्या से निपटने के प्रयास केवल नियमित और प्रतीकात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहने चाहिए। उन्होंने युवाओं में जागरूकता फैलाने और समाज के अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निबंध लेखन, वाद-विवाद, भाषण प्रतियोगिताओं और अन्य गतिविधियों के माध्यम से स्कूलों को अभियान से जोड़ने का सुझाव दिया। प्रधानमंत्री ने नशे की लत से सफलतापूर्वक उबर चुके लोगों के अनुभवों को साझा करने के महत्व पर भी जोर दिया।










Leave A Comment