'माय भारत’ के युवाओं ने शिवाजी महाराज की महाआरती में भरा जोश
0- महाराष्ट्र मंडल में हुई महाआरती में डॉ. कुलदीप सोलंकी और डॉ. विवेक केशरवानी की उपस्थिति रही उल्लेखनीय
रायपुर। माय भारत के वंदेभारत कैंप में महाराष्ट्र मंडल पहुंचे महाराष्ट्र के युवाओं ने छत्रपति शिवाजी महाराज की महाआरती में जोश भर दिया। शिवाजी महाराज को लेकर इन युवाओं के जयघोष से पूरा मंडल भवन गूंज उठा। मंडल में प्रत्येक माह के 19 तारीख को होने वाली शिवाजी महाराज की महाआरती गुरुवार को मंडल परिसर में स्थित शिवाजी महाराज की सिंहासनस्थ प्रतिमा के समक्ष हुई। भारत माता और शिवाजी महाराज की महाआरती में सुशय हॉस्पिटल के निर्देशक डॉ. विवेक केशरवानी और छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सोलंकी की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
विशेष अतिथि प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. कुलदीप सोलंकी ने कहा कि शिवाजी महाराज के जन्मदिवस नौ फरवरी को हम स्वराज दिवस घोषित कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। इस संबंध में केंद्र सरकार से लगातार पत्राचार और अभियान चलाया जा रहा है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस संदर्भ में अधिकाधिक समर्थन जुटाने के सतत् प्रयास जारी हैं। मुख्य अतिथि डॉ. विवेक केशरवानी ने प्रति माह शिवाजी महाराज व भारत माता की महाआरती करने के निर्णय की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी को शिवाजी महाराज के बारे में जानना बेहद जरूरी है। महाराष्ट्र मंडल का यह प्रयास सराहनीय है।
मंडल के छत्रपति शिवाजी महाराज कार्यक्रम आयोजन समिति के पुरुष प्रमुख गणेशा जाधव पाटिल ने बताया कि इस अवसर पर माय भारत के वंदेमातरम् कैंप में यहां पहुंचे महाराष्ट्र के युवा भी महाआरती में शामिल हुए। उन्हें जब पता चला कि महाराष्ट्र मंडल रायपुर में माह की हर 19 तारीख को शिवाजी महाराज की आरती होती है, तो उन्हें गौरवान्वित महसूस हुआ। महाराष्ट्र से आए युवा अनुराज मोहन रासकटला ने बेहद जोशीले अंदाज में शिवाजी का जयघोष कर सभी में ऊर्जा का संचार किया। वहीं पवन विजय खंदारे ने शिवाजी महाराज पर कविता पाठ कर अपनी अभिव्यक्ति प्रकट की।
इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले, सचिव चेतन गोविंद दंडवते, महिला प्रमुख विशाखा तोपखानेवाले, मुख्य समन्वयक श्याम सुंदर खंगन, योग- स्वास्थ्य- आध्यात्म प्रभारी आस्था काले, सखी निवास प्रभारी नमिता शेष, कला- संस्कृति- क्राफ्ट प्रभारी अजय पोतदार, स्वास्थ्य समिति की समन्वयक डॉ. कमल वर्मा, वरिष्ठजन सेवा समिति के समन्वयक दीपक पात्रीकर, सृष्टि दंडवते, संध्या खंगन, विनोद राखुंडे, शचिंद्र देशमुख, प्रसन्न निमोणकर, दिलीप लांबे, दिव्या पात्रीकर सहित अनेक पदाधिकारी, सभासद सहित माय भारत के युवा महाआरती में शामिल हुए।












Leave A Comment