आकाश गंगा इंडियन कॉफी हाउस के पीछे निगम ने चलाया सफाई अभियान
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में निगम क्षेत्रांतर्गत वार्ड क्रमांक 17 स्थित आकाश गंगा इंडियन कॉफी हाउस के पीछे साफ-सफाई अभियान चलाया गया।
उक्त क्षेत्र में सब्जी मंडी संचालित होने के कारण प्रतिदिन बड़ी मात्रा में कचरा एकत्रित हो जाता है। विशेषकर सब्जियों से निकलने वाले अपशिष्ट के कारण आसपास गंदगी फैल जाती है। इसे देखते हुए निगम के सफाई कर्मचारियों की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर व्यापक साफ-सफाई कराई गई। कर्मचारियों ने सब्जियों के अवशेष एवं अन्य जमा कचरे को एकत्रित कर हटाया तथा पूरे क्षेत्र की सफाई की। इसके साथ ही आसपास की नालियों में फंसे कचरे एवं गंदगी को भी बाहर निकाला गया, जिससे नालियों में पानी का बहाव सुचारू हो सके। नियमित सफाई के माध्यम से क्षेत्र में गंदगी और जलभराव की समस्या को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
नगर निगम द्वारा नागरिकों एवं सब्जी व्यापारियों से अपील की गई है कि वे सब्जियों के अपशिष्ट एवं अन्य कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें। सड़क, बाजार एवं नालियों में कचरा न फेंकें, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे। स्वच्छ भिलाई के निर्माण में निगम के साथ नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है।











Leave A Comment