मानवीय संवेदना के बिना एआई खतरनाक, मशीनों पर आंख मूंदकर भरोसा करना उचित नहीं : डॉ संगीता
-टी सहदेव
भिलाई नगर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आज शिक्षा से लेकर जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ही तेजी से अपनी जगह बना रहा है, लेकिन तकनीक पर आंख मूंदकर भरोसा करना कई बार गंभीर खतरे का कारण बन सकता है। एआई कितना भी उन्नत क्यों न हो जाए, वह मानवीय संवेदना, करुणा और विवेक का विकल्प नहीं बन सकता। यह संदेश वरिष्ठ शिक्षाविद एवं सेवानिवृत्त प्राचार्या डॉ संगीता साहू ने साईं महाविद्यालय में आईक्यूएसी के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आईसीईटीसीएआईएस में दिया। इस मौके पर डॉ प्रसन्नजीत चक्रवर्ती, डॉ सुनील कुमार, अभिनव जगताप और जसविंदर कौर ने भी अपने विचार रखे।
सम्मेलन में 'शिक्षा में एआई का उपयोग : नर्सरी से कक्षा 8 और उससे आगे' विषय पर अपने विचार रखते हुए डॉ साहू ने एआई के सुरक्षित और जिम्मेदार इस्तेमाल के लिए एआई और मानव के बीच संतुलन का सुरक्षात्मक सिद्धांत प्रस्तुत किया। उन्होंने यूनाइटेड किंगडम के मैनचेस्टर में स्वचालित स्कूल गेट से जुड़ी एक घटना का उदाहरण देते हुए बताया कि मशीन अपने निर्धारित आदेशों का पालन तो कर सकती है, लेकिन उसमें परिस्थितियों को समझने, खतरे का मानवीय आकलन करने और करुणा के आधार पर निर्णय लेने की क्षमता नहीं होती। उन्होंने समझाया कि जब स्वचालित गेट अपने निर्धारित समय पर बंद हुआ, तब उसे इस बात का एहसास नहीं था कि उसके पास एक मासूम बच्चा मौजूद है।
डॉ साहू ने अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन से अपील की कि बच्चों को स्वचालित गेट अथवा अन्य मशीनों के पास कभी अकेला न छोड़ें।
नर्सरी और केजी स्तर के बच्चों के लिए उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों की देखरेख में रोबोटिक्स और डेटा आधारित विज्ञान परियोजनाओं के माध्यम से सीखने को प्रोत्साहित करने की बात कही। स्वामी आत्मानंद विद्यालय, अंजोरा की पूर्व प्राचार्या रहीं डॉ संगीता साहू ने शिक्षक समुदाय का आह्वान किया कि वे बदलते तकनीकी दौर के साथ स्वयं को अपडेट करें और एआई को शिक्षा का सहयोगी बनाएं। अपने संबोधन के समापन पर उन्होंने कहा कि एआई कभी किसी शिक्षक की जगह नहीं ले सकता, लेकिन जो शिक्षक एआई सीख लेगा, वह सदैव नेतृत्व करेगा।













Leave A Comment