ब्रेकिंग न्यूज़

 संविधान के आदर्शों पर चलकर विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण कर रही हमारी सरकार: मुख्यमंत्री

-संविधान लोकतंत्र की शक्ति, सामाजिक न्याय और समानता का आधार: मुख्यमंत्री श्री साय
-जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों पर नहीं पड़ेगा समान नागरिक संहिता का प्रभाव
-बस्तर में गनतंत्र पर लोकतंत्र की विजय, विकास और विश्वास का नया दौर शुरू: मुख्यमंत्री श्री साय
-मुख्यमंत्री ने संविधान गौरव दिवस पर प्रदर्शनी का किया उद्घाटन, श्संविधान से सुशासन तकश् पुस्तक का किया विमोचन
 रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि हमारा संविधान केवल अधिकारों और कर्तव्यों का दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के आदर्शों पर आधारित सशक्त राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शक है। संविधान निर्माताओं ने ऐसे भारत की कल्पना की थी, जहाँ प्रत्येक नागरिक को सम्मान, समान अवसर और विकास में भागीदारी मिले। हमारी सरकार इन्हीं संवैधानिक मूल्यों को सुशासन का आधार बनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री श्री साय आज राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक भवन में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित सभी संविधान निर्माताओं के अमूल्य योगदान का स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बाबा साहेब के जीवन, विचारों और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया। साथ ही श्संविधान से सुशासन तक रू बाबा साहेब के सपनों का सशक्त छत्तीसगढ़श् पुस्तक का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत हमारा संविधान भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2015 से संविधान दिवस का आयोजन प्रारंभ हुआ, जिससे नागरिकों, विशेषकर युवा पीढ़ी को संविधान के आदर्शों और अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझने का अवसर मिल रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उसने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार, सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया। देश के सर्वाेच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज से आने वाली राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का आसीन होना इसी भावना का सशक्त उदाहरण है। उनका जीवन संघर्ष, परिश्रम और लोकतंत्र में उपलब्ध समान अवसरों की प्रेरणादायी मिसाल है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकार हमारे संविधान की अमूल्य देन हैं। उन्होंने वर्ष 1975 के आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में नागरिक स्वतंत्रता और प्रेस की आजादी पर प्रतिबंध लगाए गए। लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले हजारों लोगों को जेल जाना पड़ा।मुख्यमंत्री ने अपने पारिवारिक अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके बड़े पिताजी श्री नरहरि साय लोकतंत्र सेनानी थे और आपातकाल के विरोध में उन्हें 19 महीने जेल में रहना पड़ा। इस दौरान परिवार को भी अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों का त्याग और संघर्ष हमें संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के प्रति सदैव सजग रहने की प्रेरणा देता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को आपातकाल के इतिहास से परिचित कराने के उद्देश्य से 25 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाया जाता है। राज्य सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में पूर्व में बंद की गई सम्मान राशि को पुनः प्रारंभ किया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में समानता और नागरिक अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के अधिकांश प्रावधानों को निष्प्रभावी करने और तीन तलाक के विरुद्ध कानून बनाए जाने का उल्लेख किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में समिति का गठन किया गया है। उन्होंने जनजातीय समाज की आशंकाओं को दूर करते हुए स्पष्ट किया कि जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। समान नागरिक संहिता के प्रावधानों से इन परंपराओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नक्सलवाद ने लंबे समय तक बस्तर में लोकतांत्रिक व्यवस्था और विकास को चुनौती दी। नक्सली गणतंत्र के स्थान पर गनतंत्र स्थापित करना चाहते थे, लेकिन बस्तर की जनता ने लोकतंत्र के प्रति अपनी अटूट आस्था बनाए रखी। कठिन परिस्थितियों के बावजूद बड़ी संख्या में मतदान कर लोगों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपना विश्वास व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई हुई है। सुरक्षाबलों के साहस और सुनियोजित रणनीति से बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास के नए अवसर निर्मित हो रहे हैं। अब दूरस्थ क्षेत्रों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने ऐसे लोककल्याणकारी राज्य की परिकल्पना की थी, जहाँ विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। इसी भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं, श्रमिकों और जनजातीय समाज के सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि राज्य में किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है। कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत किसानों को आदान सहायता प्रदान की जा रही है। महतारी वंदन योजना से लाखों महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता मिल रही है। जनजातीय समाज को वनोपज का बेहतर मूल्य दिलाने, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की सार्थकता तभी है, जब उसके आदर्श हमारे निर्णयों और कार्यों में दिखाई दें। हमारी सरकार का संकल्प है कि विकास की यात्रा में कोई भी वर्ग और कोई भी क्षेत्र पीछे न छूटे। किसानों की समृद्धि, मातृशक्ति का सशक्तीकरण, युवाओं की प्रगति और वंचित वर्गों का उत्थान ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने कहा कि संविधान समय और समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप देश को आगे बढ़ने की दिशा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय दंड संहिता के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता लागू करना न्याय व्यवस्था में दृष्टिकोण के परिवर्तन का प्रतीक है। सरकार का उद्देश्य ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें प्रत्येक नागरिक के अधिकार सुरक्षित हों और आमजन को सहजता से न्याय मिल सके।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी जनहितकारी, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन के माध्यम से संविधान की मूल भावना को साकार कर रही है।
राजनांदगांव सांसद श्री संतोष पांडेय ने कहा कि संविधान गौरव दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और स्वाभिमान का अवसर है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की गौरवशाली विरासत और महान विभूतियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए अनेक पहल की गई हैं। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन से जुड़े पंचतीर्थों के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे उनके विचारों और योगदान को व्यापक पहचान मिली है।
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति श्री गौतम भादुड़ी ने कहा कि हमारा संविधान एक जीवंत दस्तावेज है, जो नागरिकों को मौलिक अधिकार प्रदान करने के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता और संविधान निर्माण में योगदान देने वाले ज्ञात-अज्ञात महानायकों के संघर्ष और बलिदान से नई पीढ़ी को परिचित कराना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर विधायक श्री मोतीलाल साहू, विधायक श्री सुनील सोनी सहित जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english