मुख्यमंत्री श्री साय से मुलाकात कर लोकतंत्र सेनानियों ने सम्मान निधि बहाल करने के लिए आभार व्यक्त किया
*मुख्यमंत्री ने कहा- सम्मान निधि बंद करके कांग्रेस की सरकार ने तानाशाही तथा अलोकतांत्रिक रवैये का परिचय दिया
रायपुर,। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से कल बुधवार को लोकतंत्र सेनानियों (मीसाबंदियों) ने मुलाकात कर अपनी सम्मान निधि पुनः शुरू करने के लिए आभार व्यक्त किया। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि हम लोकतंत्र को सर्वोपरि मानते हैं तथा हम लोकतांत्रिक भावनाओं के पोषक हैं। उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र पर जब संकट आया तब हमारे लोकतंत्र सेनानियों ने अनेक कष्ट और यातनाएं सहते हुए लोकतंत्र की रक्षा की। इस महान कार्य को पूरा करने के लिए उन्होंने स्वयं के तथा अपने परिजनों की पीड़ाओं की भी चिन्ता नहीं की। श्री साय ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों को मिलने वाली सम्मान निधि को बंद करके कांग्रेस की तत्कालीन सरकार ने एक बार फिर अपने तानाशाही और लोकतंत्र विरोधी रवैये को दोहराया था। कांग्रेस की सरकार ने ही देश में आपात काल लागू किया था। जिसके कारण हमारा लोकतंत्र संकट में आ गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और उसकी सरकारें आंतरिक रूप से जितनी लोकतांत्रिक हैं, लोकतंत्र की रक्षा और उसे सशक्त करने के लिए उतनी ही प्रतिबद्ध हैं। हम लोकतंत्र को पुष्पित और पल्लवित करने का काम कर रहे हैं। इस अवसर पर लोकतंत्र प्रहरी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा राष्ट्रीय संयोजक श्री सच्चिदानंद उपासने, लोकतंत्र सेनानी संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष श्री दिवाकर तिवारी आदि उपस्थित थे।
Leave A Comment