लीबिया की राजधानी त्रिपोली में भीषण संघर्ष में 32 लोगों की मौत हो गई है
त्रिपोली। लीबिया में रविवार को सुरक्षाबलों और हथियारबंद गुटों के बीच संघर्ष में कम से कम 32 लोगों की मृत्यु हो गई और 159 लोग घायल हो गए। इस दौरान हथियारबंद लोगों ने गोलीबारी की। उन्होंने कई अस्पतालों को नुकसान पहुंचाया और भवनों में आग लगा दी। हमलावरों ने छह अस्पतालों पर आक्रमण किया और संघर्ष से प्रभावित क्षेत्रों तक एंबुलेंस पहुंच नहीं पाई। लीबिया में दो प्रतिद्वंद्वी प्रशासनिक गुट वहां के शासन और तेल संसाधनों पर नियंत्रण की होड़ में हैं। संयुक्त राष्ट्र के लीबिया मिशन ने वहां खून-खराबा तत्काल रोकने की अपील की है। लीबिया में अमरीका के राजदूत रिचर्ड नोरलैंड ने कहा है कि अमरीका वहां हिंसा में वृद्धि की निंदा करता है। उन्होंने वहां तुरंत संघर्ष विराम लागू करने और संघर्षरत गुटों के बीच संयुक्त राष्ट्र की मदद से बातचीत शुरू करने की अपील की।
Leave A Comment