भारतीयों को लाने के लिए एक जून से समुद्र सेतु अभियान का अगला चरण शुरू करेगी नौसेना
नई दिल्ली। नौसेना कोरोना वायरस महामारी के चलते दूसरे देशों में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिये एक जून से समुद्र सेतु अभियान का दूसरा चरण शुरू करेगी।
शनिवार को नौसेना की एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है, इस चरण में नौसेना का जलश्व जहाज श्रीलंका के कोलंबो से 700 लोगों को तमिलनाडु के तूतीकोरीन लेकर आएगा। इसी तरह 700 अन्य भारतीयों को मालदीव के माले से तूतीकोरीन लाया जाएगा। इससे पहले इस अभियान के पिछले चरण में नौसेना 1,488 भारतीयों को माले से कोच्चि लेकर आई थी।
श्रीलंका और मालदीव में भारतीय मिशन, भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने की सूची तैयार कर रहे हैं और आवश्यक चिकित्सा जांच के बाद उनको पोतारोहण की सुविधा प्रदान की जाएगी। कोविड से संबंधित सामाजिक दूरी के मानदंडों का जहाज पर पालन किया जा रहा है और लोगों को समुद्र में सफर के दौरान बुनियादी सुविधाएं और चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
तूतीकोरिन में उतरने के बाद, वापस लाए गए कर्मियों के देखभाल की जिम्मेदारी राज्य के अधिकारियों सौंप दी जाएगी। इस अभियान को विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय और भारत सरकार व राज्य सरकारों की विभिन्न अन्य एजेंसियों के साथ नजदीकी समन्वय से आगे बढ़ाया जा रहा है।
Leave A Comment