जापान पर 60 साल बाद आया ऐसा तूफान, अब तक 43 की मौत,
टोक्यो। जापान में छह दशक के सबसे भीषण तूफान हेगिबिस ने जमकर कहर ढाया है। हेगिबिस की तुलना 1958 में आए तूफान से की जा रही है। तूफानी बारिश से कई नदियों में बाढ़ आ गई है। 225 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं और बाढ़ की चपेट में आकर 43 लोगों की जान चली गई। डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोग लापता हैं। बाढ़ के कारण अपने घरों में फंसे लोगों को बचाने के लिए सरकार ने सेना के हजारों जवानों को हेलीकॉप्टरों और नौकाओं के साथ बचाव कार्यो में लगाया है। देश में कई नदियां खतरे की निशान से उपर बह रही हैं। तूफान की वजह से जापान के कई इलाकों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हो रही है। पर्यटकों के बीच मशहूर हाकोने शहर में तो बीते 24 घंटों में 37 इंच (करीब तीन फीट) बारिश हो चुकी है। सरकारी न्यूज एजेंसी एनएचके के अनुसार, 14 नदियों में बाढ़ आ गई है। नदियों के तटबंध टूटने से कई रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है। हेगिबिस शनिवार को राजधानी टोक्यो के दक्षिण में स्थित तट से टकराया था। इसने मध्य, पूर्वी और उत्तरी जापान में जमकर तबाही मचाई है। इन इलाकों के करीब पांच लाख घरों की बिजली गुल हो गई है।
बुलेट ट्रेन और विमान सेना प्रभावित
बुलेट ट्रेन और विमान सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। तूफान से देश में आयोजित हो रहे रग्बी विश्व कप पर भी असर पड़ा है। कामेशी में रविवार को नामीबिया और कनाडा के बीच होने वाला मुकाबला रद करना पड़ा। इससे पहले शनिवार को भी दो मुकाबले रद कर दिए गए थे।
Leave A Comment