मानसून में थकान और बॉडी पेन की समस्या है तो करें ये 5 घरेलू उपाय
कई बार शरीर में थकान और शरीर में दर्द काफी बढ़ जाता है। दर्द बच्चों से लेकर बूढ़ों तक किसी को भी हो सकता है। मॉनसून के दौरान शरीर में दर्द की समस्या काफी बढ़ जाती है क्योंकि इस दौरान कई तरह के वायरल बुखार और इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है, साथ ही बारिश के पानी में भीगने से भी शरीर में दर्द और थकान की समस्या हो सकती है। ध्यान रखें समस्या बढऩे या लगातार रहने पर डॉक्टर को अवश्य दिखाएं।
हल्दी का सेवन
शरीर के दर्द को दूर करने के लिए हल्दी का सेवन फायदेमंद माना जाता है। हल्दी में एंटी इफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो शरीर के दर्द को दूर करते हैं। इसका सेवन करने के लिए एक गिलास दूध में आधी चम्मच हल्दी मिलाएं। इस दूध का रात में सोने से पहले सेवन करें। मीठे के लिए इस दूध में शहद का इस्तेमाल किया जा सकता है। ये दूध शरीर की थकान और बॉडी पेन को कम करने में मदद करता है।
मसाज
शरीर की मालिश करने से भी मांसपेशियों का दर्द दूर होता है। अगर ये मालिश सरसों के तेल को हल्का गुनगुना करके किया जाए, तो शरीर की थकान आसानी से कुछ ही मिनटों में दूर हो जाती है। ये मालिश अगर सोने से पहले की जाए तो शरीर को बहुत फायदा पहुंचाती है।
अदरक
अदरक में एंटी इफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो शरीर के दर्द और थकान को दूर करने में मददगार होते हैं। अदरक के सेवन से शरीर की सूजन भी कम होती है। अदरक को अपनी डाइट में शामिल करने के लिए 2 इंच अदरक का टुकड़ा लें। उसे एक गिलास पानी में अच्छे से उबाल लें। पानी जब आधा रह जाए, तो उसे सिप करके धीरे-धीरे पिएं।
खूब पानी पिएं
शरीर में पानी की कमी से भी कई रोग हो सकते हैं। पानी की कमी शरीर में थकान और दर्द को बढ़ाती है। पानी पीने से शरीर स्वस्थ रहता है। दिनभर में बीमारियों से दूर रहने के लिए करीब 3-4 लीटर पानी का सेवन रोज करना चाहिए। पानी शरीर से विषैले पदार्थों को भी निकालने में मदद करता है।
सेब का सिरका
सेब का सिरका शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होता है। इसको इस्तेमाल करने के लिए नहाने वाले पानी को गुनगुना करें, उसमें कुछ बूंदे सेब के सिरके की मिलाएं। फिर इस पानी से नहा लें। इस उपाय को करने से थकान और शरीर का दर्द कम होगा।
अगर थकावट और शरीर में दर्द की समस्या लगातार बनी रहती है, तो डॉक्टर से संपर्क अवश्य करें। ये घरेलू उपाय करते समय अगर कोई दिक्कत लगे, तो डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें।
Leave A Comment