घर पर टाइट दही जमाने...जानें सही तरीका
-सीमा उपाध्याय
गर्मियों में लोग अपनी डाइट में ऐसी चीजों को शामिल करना पसंद करते हैं, जो उन्हें गर्मी से राहत देने के साथ पेट को भी ठंडा बनाए रखती हैं। ऐसी ही कई चीजों में से एक दही भी है। घरों में दही का इस्तेमाल छाछ, रायता, लस्सी जैसी चीजें बनाने के लिए किया जाता है। बाजार से मिलने वाली दही टाइट तो भले रहती है लेकिन बार-बार खरीदने पर जेब पर भारी पड़ने लगती है। ऐसे में घर के बजट को ध्यान में रखते हुए घर की महिलाएं घर पर ही दही जमा लेती हैं। हालांकि घर पर हलवाई जैसा टाइट दही जमाना हर महिला के लिए आसान काम नहीं होता है। कुछ महिलाएं गर्मियों के मौसम में शिकायत करती हैं कि उनसे बाजार जैसा टाइट दही घर पर नहीं जम पाता है या फिर दही जम भी जाए तो उसका स्वाद अच्छा नहीं होता है। अगर आप भी घर पर टाइट और स्वादिष्ट दही नहीं जमा पाती हैं तो हो सकता है आप कुछ गलती कर रही हों। आइए जानते हैं दही जमाने के लिए आपको फॉलो करने होंगे कौन से आसान किचन टिप्स।
दही जमाते समय ना करें ये गलतियां-
मौसम के अनुसार चुनें दही जमाने वाला बर्तन-
मौसम बदलते ही दही जमाने के लिए बर्तन भी बदल देना चाहिए। गर्मियों में दही जमाने के लिए मिट्टी का बर्तन सबसे अच्छा माना जाता है, तो वहीं सर्दियों के लिए स्टील का बर्तन सबसे अच्छा रहता है।
जैसा जामन होगा दही भी वैसा ही होगा-
दही का स्वाद और टेक्सचर सब कुछ उसके जामन पर निर्भर करता है। दही जमाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला जामन यदि पतला होगा तो दही भी पतला ही जमेगा। अगर आप चाहते हैं कि आपका दही बाजार के दही की तरह टाइट जमे तो उसके लिए दही का जमान भी टाइट ही होना चाहिए।
दूध का तापमान-
कई बार लोगों को दूध में जामन मिलाते समय इस बात की जानकारी नहीं होती है कि उस समय दूध कितना गर्म होना चाहिए। ऐसे में ज्यादा गर्म या ज्यादा ठंडे दूध में दही का जामन डालने से टाइट दही नहीं जम पाती है। ध्यान रखें, दही जमाने के लिए दूध को हमेशा गुनगुना रखें। इसके बाद दूध में सही जामन डालकर मिक्स करने के बाद दही को 7-8 घंटे के लिए जमने के लिए छोड़ दें।
दही जमाने के बाद बर्तन को हिलाना-
दही जमने के बाद दही के बर्तन को बार-बार छूने या हिलाने से दही ढीली पड़कर पानी-पानी हो जाती है। ऐसे में टाइट दही जमाने के लिए दही के बर्तन को ढक कर किसी जगह पर रख दें, जहां से दही के बर्तन को बार-बार ना हिलाया जा सके।
दही जमाने का तरीका-
दही जमाने के लिए दूध के सही तापमान और जामन का ध्यान रखना चाहिए। इसके बाद आधा लीटर दूध में एक बड़ा चम्मच दही का जामन डालकर अच्छे से मिक्स करके रसोई के किसी कोने में ढक कर रख दें।
Leave A Comment