भारत और जापान ने रक्षा और विकास योजनाओं पर छह समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए
नई दिल्ली।. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जापान के प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा ने सार्थक बातचीत की और दोनों देशों के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को प्रोत्साहन देने के उपायों पर विचार-विमर्श किया। श्री मोदी और श्री किशिदा ने सम्मेलन में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी की। दोनों ने आपसी हितों के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया, जिससे हिन्द प्रशांत क्षेत्र और उससे आगे शांति, स्थिरता और समृद्धि की भागीदारी को बढावा दिया जा सके। भारत और जापान का विशेष रणनीतिक और वैश्विक भागीदारी के दायरे में बहुआयामी सहयोग है।
शिखर सम्मेलन के बाद दोनों नेताओं ने एक बयान पर हस्ताक्षर किए।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी एक विज्ञप्ति में कहा कि आज भारत में दुनिया के लिए मेक इन इंडिया की असीमित संभावनाएं प्रस्तुत की हैं। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में जापानी कम्पनियां लम्बे समय से हमारी ब्रांड अम्बेसडर रही हैं। श्री मोदी ने कहा कि भारत की प्रमुख परियोजना जैसे कि समर्पित मालवहन गलियारा और मुम्बई -अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजनाएं उल्लेखनीय हैं। उन्होंने कहा कि भारत और जापान सुरक्षित भरोसेमंद और स्थिर ऊर्जा आपूर्ति के महत्व को समझते हैं। उन्होंने कहा कि भारत जापान स्वच्छ ऊर्जा भागीदारी इस दिशा में निर्णायक कदम साबित होगी। उन्होंने इस पर प्रसन्नता व्यक्त की कि अगले पांच वर्ष में जापान भारत में पचास खरब येन या तीन दशमलव दो लाख करोड रुपये का निवेश करेगा।
जापान के प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा ने कहा कि पूरी दुनिया आज के समय में विभिन्न बाधाओं से पीडित है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में भारत और जापान की निकटतम भागीदारी आवश्यक है। श्री किशिदा ने कहा कि दोनों नेताओं ने यूक्रेन में रूस के हमले पर बातचीत की है। जापानी प्रधानमंत्री ने इसके लिए अंतर्राष्ट्रीय विधि के आधार पर शांतिपूर्ण समाधान पर जोर दिया है। श्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार भारत में जापान की कम्पनियों को हरसंभव सहयोग देगी।
जापान के प्रधानमंत्री का पद संभालने के बाद श्री किशिदा की यह पहली भारत यात्रा है। 14वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेता पहली बार मिल रहे हैं। रेल और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दो दिन के भारत यात्रा पर आए श्री किशिदा का हवाई अड्डे पर स्वागत किया।
Leave A Comment