भाजपा नेता के बेटे की हत्या...! प्रशासन ने आरोपियों का अवैध निर्माण तोड़ा
महू/ भोपाल। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में नलकूप की खुदाई को लेकर संघर्ष कर रहे दो समूह के लोगों को शांत कराने गए भाजपा के एक स्थानीय नेता के 22 वर्षीय पुत्र की कथित रूप से हत्या कर दी गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात को पिगडंबर गांव के पास हुए इस झगड़े में चार अन्य लोग घायल हो गए जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद अधिकारियों ने हत्या के मामले में मुख्य आरोपी के कथित अवैध निर्माण को आज गिरा दिया। किशनगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप खत्री ने बताया कि भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष उदल सिंह चौहान के पुत्र सुजीत चौहान की बुधवार रात दो गुटों में बीच हुई मारपीट के दौरान मौत हो गयी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने सुजीत के सिर पर कथित रूप से लोहे की सरिया से हमला किया। उन्होंने बताया कि सुजीत और चार अन्य घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने सुजीत को मृत घोषित कर दिया, जबकि कुलदीप ठाकुर की हालत नाजुक बताई जा रही है। अधिकारी ने बताया कि सुजीत के पक्ष से मिली शिकायत के आधार पर सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भोपाल में पत्रकारों से कहा, मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापा मारा जा रहा है।
Leave A Comment