उत्तर प्रदेश में योगी आदित्य नाथ विधायक दल के नेता चुने गए, शुक्रवार को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ
-राज्यपाल से मिले और सरकार बनाने का दावा पेश किया
नई दिल्ली । श्री योगी आदित्यनाथ लगातार दूसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे। लखनऊ के लोक भवन में आयोजित बैठक में गुरुवार को उन्हें राज्य भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। वह शुक्रवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। बैठक में पार्टी के पर्यवेक्षक, केन्द्रीय मंत्री अमित शाह, धर्मेन्द्र प्रधान, भाजपा के वरिष्ठ नेता राधा मोहन सिंह और रघुवर दास मौजूद थे। विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद उत्तर प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की और उन्हें राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया।
बैठक के बाद भाजपा विधायक मोहसिन रज़ा ने कहा कि सर्वसम्मति और निर्विरोध तरीके से आदरणीय योगी जी को नेता चुना गया। जिस तरह से योगी जी ने 5 साल काम किया उसको आगे बढ़ाने का काम हम सब करेंगे। केंद्रीय नेतृत्व जो भी हमारे लिए काम तय करेगा हम उस पर आगे बढ़ेंगे।वहीं भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को विकसित राज्यों की सूची में लाकर खड़ा किया और उत्तर प्रदेश को भारत की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया। आने वाले 5 सालों में उत्तर प्रदेश भारत का सबसे विकसित राज्य होगा।
उत्तर प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अगर विकास की नई ऊंचाईयों को प्राप्त करता है तो यह देश के विकास के लिए भी सहायक होगा। उत्तर प्रदेश देश का छठी सबसे बड़ी आबादी वाला प्रदेश है। हमने उत्तर प्रदेश के बजट को 2 लाख करोड़ से 6 लाख करोड़ पर लाने का काम किया। उन्होंने आगे कहा कि राज्य के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ कि लगातार दूसरी बार एक ही पार्टी का कोई मुख्यमंत्री बना हो... मेरे पास 2017 से पहले कोई प्रशासनिक अनुभव नहीं था और न ही शासन के किसी दायित्व का निर्वाहन किया था। पार्टी ने 2017 में मुझपर विस्वास किया।
Leave A Comment