अवैध बंदूक फैक्टरी का भंडाफोड़, महिला सहित छह लोग गिरफ्तार
दुमका .झारखंड में दुमका जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित सरुआ गांव में एक इमारत में चल रही अवैध बंदूक फैक्टरी का पुलिस ने शनिवार को भंडाफोड़ कर वहां से सौ से अधिक अर्धनिर्मित पिस्तौल एवं रिवॉल्वर बरामद किये। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया है। दुमका के पुलिस अधीक्षक अंबर लकड़ा ने शनिवार को ‘ बताया कि कोलकाता पुलिस की सूचना पर दुमका पुलिस ने आज मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सरुआ गांव में एक भवन में चल रही अवैध बंदूक फैक्टरी का भंडाफोड़ किया जहां से सौ से अधिक अर्धनिर्मित हथियार बरामद किये गये। उन्होंने बताया कि फैक्टरी से एक महिला समेत आध दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने अबतक गिरफ्तार लोगों की विस्तृत जानकारी नहीं दी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यहां पिस्तौल एवं रिवॉल्वर के कल पुर्जे तैयार कर बिहार के मुंगेर भेजे जाते थे जहां उन्हें असेंबल कर असलहे का असली स्वरूप प्रदान किया जाता था। उन्होंने बताया कि जानकारी मिली थी कि कोलकाता पुलिस ने एक अपराधी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है जिससे मिली सूचना के आधार पर आज की छापेमारी की गयी। लकड़ा ने बताया कि छापेमारी की कार्रवाई में कोलकाता पुलिस का विशेष कार्य बल (एसटीएफ) भी शामिल था। गौरतलब है कि इससे पहले दुमका में पिछले वर्ष 30 सितंबर को भी अवैध बंदूक फैक्टरी का भंडाफोड़ कर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था तथा अर्ध निर्मित तमाम असलहे बरामद किये गये थे।


.jpg)






.jpg)
Leave A Comment