भाजपा ने उपचुनावों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की, भोजपुरी अभिनेता ‘निरहुआ' को आजमगढ़ से टिकट
नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश में दो संसदीय सीट और चार राज्यों में सात विधानसभा सीट पर 23 जून को होने वाले उपचुनावों के लिए शनिवार को अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। पार्टी ने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा को राज्य के टाउन बोरदोवाली विधानसभा सीट से और भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ' को उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा है। घनश्याम लोधी उत्तर प्रदेश में रामपुर लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार होंगे। आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीट को समाजवादी पार्टी के नेताओं क्रमश: अखिलेश यादव और मोहम्मद आजम खान ने विधानसभा चुनाव जीतने के बाद खाली कर दिया था। रामपुर सीट के लिए, ऐसी अटकलें थीं कि भाजपा केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी को उम्मीदवार बना सकती है, जिनका राज्यसभा का कार्यकाल खत्म होने वाला है। दिल्ली में राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर भाजपा ने राजेश भाटिया को टिकट दिया है। यह सीट आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा के राज्यसभा जाने के बाद रिक्त हो गई है। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री साहा, टाउन बोरदोवाली सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं। राज्यसभा सदस्य साहा को बिप्लब देव की जगह हाल में राज्य का मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया था। त्रिपुरा में भाजपा ने अगरतला से अशोक सिन्हा, सूरमा (एससी) सीट से स्वप्न दास पॉल और जुबराजनगर सीट से मलिना देबनाथ को टिकट दिया है। पार्टी ने आंध्र प्रदेश में अत्मारकुर विधानसभा सीट पर गुंडलापल्ली भरत कुमार यादव को और झारखंड की मांडर (एसटी) विधानसभा सीट पर गंगोत्री कुजुर को उम्मीदवार बनाया है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, लोकसभा की तीन और विधानसभा की सात सीट पर 23 जून को उपचुनाव होंगे। तीसरी लोकसभा सीट, पंजाब में संगरूर है, जो भगवंत मान ने खाली की है। मान, हालिया राज्य विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को जीत मिलने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री नियुक्त किये गये। निर्वाचन आयोग ने एक बयान में कहा कि मतगणना 26 जून को होगी।









.jpg)
Leave A Comment