उफनती नदी में गिरी बस, 13 की मौत
इंदौर। धार जिले में सोमवार सुबह इंदौर-खरगोन के बीच भीषण बस हादसा हो गया। इंदौर से महाराष्ट्र के अमलनेर जा रही बस खलघाट के पास नर्मदा नदी में गिर गई। पुलिस के अनुसार हादसा सुबह 10 से 10.15 बजे के बीच हुआ। बस टू-लेन पुल पर किसी वाहन को ओवरटेक करते समय बेकाबू हो गई। बस रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। अब तक 13 शव निकाले जा चुके हैं। इनमें 8 पुरुष, 4 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल हैं। अब तक करीब 6 मृतकों की पहचान हो चुकी है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने अब दावा किया है कि 14-15 लोग सवार थे। इनमें से जिंदा कोई नहीं बचा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना को संज्ञान में लेते हुए प्रशासन को बचाव और राहत कार्य के आदेश दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- मध्यप्रदेश के धार में हुआ बस हादसा दुखद है। मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं, जिन्होंने अपनों को खोया है।










Leave A Comment