कर्ज से परेशान बिजनेसमैन ने चुराए 2 करोड़ के जवाहरात...! 23 किलो नगीना, नीलम, पुखराज और पन्ना गद्दी से किए पार...!
जयपुर। जयपुर के ब्रह्मपुरी इलाके में हुई 2 करोड़ के जवाहरात की चोरी के आरोप में पुलिस ने मोहम्मद वसीम को गिरफ्तार किया है। डीसीपी नॉर्थ परीश देशमुख ने यह खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी से 23 किलो तैयार नगीना, नीलम, पुखराज, माणक, पन्ना बरामद किए हैं। आरोपी वसीम अपने साथी के साथ हैदराबाद भागने की फिराक में था। उसने फ्लाइट की टिकट तक करा लिए थे।
डीसीपी नॉर्थ परीश देशमुख ने ब्रह्मपुरी थाने में पत्रवार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 24 जुलाई को ब्रह्मपुरी थाना इलाके के माउंट रोड स्थित यूनिस चौधरी जवाहरात की गद्दी से 2 करोड़ के जवाहरात चोरी हुए थे। देर रात आरोपी वसीम एक साथी आरोपी के साथ दुकान में घुसा। सीसीटीवी कैमरे मोड़ दिए। तिजोरी का ताला कटर मशीन से काटकर तैयार माल लेकर भाग गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एक साथी आरोपी के जरिए कई दिनों से दुकान की रेकी कर रहा था। इसमें गद्दी पर काम करने वाले एक पूर्व कर्मचारी की भी मिलीभगत सामने आई है। फिलहाल पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी वसीम अपने साथी आरोपी के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। घर में चोरी किए गए माल को छुपा दिया। जांच पड़ताल करने पर पुलिस ने गद्दी के आसपास के करीब 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। 100 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ की। इस दौरान मुखबिर से आरोपी वसीम के बारे में सूचना मिली। पुलिस ने दबिश देते हुए आरोपी वसीम को आदर्श नगर इलाके से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी वसीम ने बताया कि उसने गद्दी पर काम करने वाले एक पूर्व कर्मचारी की मदद से ही रेकी करवाई थी। उस पर लाखों रुपए का कर्जा हो गया था। वो कई बिजनेस कर चुका है, लेकिन सभी बंद हो गए। कर्जा चुकाने के लिए वारदात को अंजाम दिया। आरोपी चोरी के माल को हैदराबाद ले जाने की फिराक में था। इसके लिए आरोपी ने फ्लाइट की टिकट भी करा लिए थे। इससे पहले ही नॉर्थ जिले की स्पेशल पुलिस टीम को आरोपी के बारे में सूचना मिल गई।
Leave A Comment