नीतीश कुमार फिर बिहार के मुख्यमंत्री.. तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री बने
पटना। जनता दल यूनाईटेड नेता नीतीश कुमार ने आज बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल फागू चौहान ने नीतीश कुमार को राजभवन में बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव ने उपमुख्यमंत्री का पदभार संभाला। नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में आठवीं बार जबकि तेजस्वी यादव ने उपमुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ ली।
नीतीश कुमार ने कल राज्यपाल फागु चौहान से मिलकर नयी सरकार बनाने का दावा पेश किया था। श्री कुमार ने सात दलों के 164 विधायकों के समर्थन की सूची राज्यपाल को सौंपी। इनमें राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस, हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा, वामपंथी दलों और एक निर्दलीय विधायक शामिल हैं।
श्री कुमार को कल जनता दल यूनाइटेड, राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस की संयुक्त बैठक में सर्वसम्मति से महागठबंधन का नेता चुना गया। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से जनता दल यूनाइटेड के अलग होने के बाद यह बैठक हुई।इससे पहले राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस और वामपंथी दलों ने नई सरकार बनाने के लिए नीतीश कुमार को समर्थन की चि_ी सौंपी। एनडीए से अलग होने का फैसला कल सवेरे नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई जनता दल यूनाइटेड विधायक दल की बैठक में लिया गया। जीतन राम मांझी के हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा ने भी नीतीश कुमार को बिना शर्त समर्थन दिया है।
Leave A Comment