पेड़ से टकराकर चकनाचूर हुई क्रेटा कार...! तीन लोगों की मौत, एक गंभीर...
निवाड़ी। निवाड़ी जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। पार्टी कर लौट रहे चार युवकों की तेज रफ्तार क्रेटा कार पेड़ से टकराकर चकनाचूर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया है। पृथ्वीपुर पुलिस मृतकों के परिजनों के साथ करीब छह घंटे तक शवों को कार से निकालने की मशक्कत करती दिखी।
पृथ्वीपुर एसडीओपी ने बताया कि विनोद यादव (45) निवासी कनौरा, दीपक यादव (30) निवासी सरसौरा, नरेंद्र यादव (27) और साहब सिंह यादव (35) निवासी मोहनपुरा कार से पृथ्वीपुर जा रहे थे। चारों नेगुआ में पार्टी के लिए गए थे। रात करीब 10 बजे रास्ते में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर विशनपुरा के पास सड़क से उतरकर एक पेड़ से टकरा गई। इसमें विनोद, दीपक और नरेंद्र की मौके पर मौत हो गई। साहब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पूलिस मौके पर पहुंची और युवकों का रेस्क्यू किया। पेड़ से टकराने के कारण कार चकनाचूर हो गई थी। ऐसे में युवकों को कार से निकालने में काफी समस्या हुई। काफी देर प्रयास के बाद भी कार से किसी युवक को नहीं निकाला जा सका। इसके बाद लोगों ने सब्बल, हथौड़े और कटर की मदद से कार की बॉडी काटी। तब जाकर निकाला जा सका। हादसे में जान गंवाने वाले दीपक का एक लड़की और एक लड़का है।
Leave A Comment