डंपर ने बाइक को मारी टक्कर....! इलाज के दौरान दो युवकों की मौत
आरा (भोजपुर)। आरा-अरवल मुख्य मार्ग पर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव के पास शुक्रवार की रात बेलगाम अज्ञात डंपर ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंद दिया। वहीं इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतकों में अरवल जिले के अरवल थाना क्षेत्र के असलानपुर कुटिया गांव निवासी राजेश कुमार के 19 वर्षीय पुत्र रवि कुमार और दूसरे युवक की पहचान अहियापुर तिवारी बिगहा गांव निवासी अनिल सिंह के 19 वर्षीय पुत्र प्रशांत कुमार है। वह दोनो दोस्त थे और दोनों बीएससी के छात्र थे। इधर मृतक प्रशांत कुमार के पिता अनिल सिंह ने बताया कि वह अपने दोस्त रवि कुमार के साथ अपनी फुफेरी बहन से मिलने शुक्रवार की सुबह बाइक पर सवार होकर नवादा थाना क्षेत्र के जगदेव नगर आया था। दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। उसी दौरान नारायणपुर गांव के समीप किसी अज्ञात डंपर ने उन्हें रौंद दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। जिसके बाद उन्हें स्थानीय लोगों के सहयोग से आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद स्थानीय थाना द्वारा इसकी सूचना मृतकों के परिजनों को दी गई।
Leave A Comment