दिल्ली में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं सोनिया गांधी
नयी दिल्ली ।.कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी शनिवार को दिल्ली में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं और थोड़ी दूर तक राहुल गांधी के साथ चलीं।. यह दूसरी बार है, जब पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कन्याकुमारी से सितंबर में शुरू हुई इस पदयात्रा में हिस्सा लिया है। वह इससे पहले अक्टूबर में कर्नाटक में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुई थीं।.
तीन हजार किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा शनिवार सुबह बदरपुर बॉर्डर से दिल्ली में प्रवेश कर गई। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दिल्ली के सात संसदीय क्षेत्रों में अलग-अलग पड़ाव होंगे। यात्रा में पार्टी के आला नेताओं, कलाकार, खिलाड़ियों, युवाओं के साथ सभी वर्ग और समुदाय के लोग और पार्टी के हजारों कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए यहां अपोलो अस्पताल के पास अपनी भारत जोड़ो यात्रा रोक दी। एंबुलेंस को निकलवाने के लिए वह कुछ देर रुके। उन्होंने साथी यात्रियों से एंबुलेंस को रास्ता देने को भी कहा। राजधानी में अपोलो अस्पताल के पास सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक एंबुलेंस आई थी। भारत जोड़ो यात्रा पहले ही लगभग 3,000 किलोमीटर की दूरी तय कर चुकी है और जनवरी के अंत में जम्मू और कश्मीर में समाप्त होने से पहले कुल 3,570 किलोमीटर की यात्रा करते हुए 12 राज्यों को कवर करेगी।
भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए किसी का भी स्वागत है: रमेश
जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए किसी का भी स्वागत है, चाहे वह नितिन गडकरी जी हों, रक्षा मंत्री राजनाथ जी हों या पूर्व वीपी वेंकैया नायडू जी हों। कोई भी जो भारत को एकजुट करने और घृणा को दूर करने में विश्वास करता है, इस यात्रा में शामिल होने के लिए स्वागत है।
26 जनवरी से 26 मार्च तक हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाया जाएगा: रमेश
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि 26 जनवरी से 26 मार्च तक हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाया जाएगा जो भारत जोड़ो का संदेशा हर बूथ और ब्लॉक में पहुंचाएगा। भारत जोड़ो यात्रा चुनावी यात्रा नहीं विचारधारा आधारित यात्रा है।
Leave A Comment