दूल्हे को लूटने की तैयारी में था दुल्हन पक्ष.... ऐन शादी के पहले आधार कार्ड ने खोल दी पोल...
फिरोजपुर (पंजाब)। शादी एक पवित्र बंधन हैं, लेकिन ठगी करने वालों के लिए यह धंधा बनता जा रहा है । ऐसा ही मामला पंजाब के फिरोजपुर में सामने आया। जहां ठग गिरोह के सदस्य फर्जी पहचान पत्र के जरिए शादी करा रहे थे। उनका प्लान दुल्हे और उसके परिवार को लूटने का था, लेकिन शादी कराने वाले पंडित ने दुल्हन का पहचान पत्र मांगकर लुटेरों की पोल खोल दी।
दूल्हे के परिजनों की शिकायत पर थाना कैंट पुलिस ने दुल्हन पक्ष के सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। सभी आरोपी फरार हैं। फतेहाबाद (हरियाणा) निवासी दर्शना ने पुलिस को बताया कि वह बेटे रवि कुमार की शादी के लिए लड़की की तलाश कर रहे थे। उनके दामाद तिलक राम ने बताया कि फिरोजपुरमें एक लड़की का पता चला है। आरोपी ओम प्रकाश ने उन्हें कॉल करके लड़की के रिश्ते के संबंध में बातचीत की। लड़की का फोटो भेजा, जो उन्हें पसंद आ गया। .उन्होंने बेटे रवि की शादी के लिए हां कर दिया। वे शादी के लिए अपने रिश्तेदारों के साथ फिरोजपुर (पंजाब) आ गई। वहां तारा अरोड़ा नाम की लड़की से वे मिले। लड़की पसंद आने पर वे छावनी बस अड्डे के नजदीक मंदिर में शादी के लिए पहुंचे । इस दौरान मंदिर के पुजारी ने दुल्हन का पहचान पत्र मांग लिया। जब उन्होंने पहचान पत्र देखा तो कहा कि कल ही इसी पहचान पत्र से उन्होंने शादी करवाई है। यह सुनते ही वहां बैठे सभी लोग हैरान हो गए।
जैसे ही आरोपियों की पोल खुली , वे दुल्हन समेत फरार हो गए। पुलिस ने खुलासा किया है कि ये गिरोह जाली पहचान पत्रों के माध्यम से शादी करवाकर लड़के वालों को लूटते हैं। थाना कैंट पुलिस ने दर्शना के बयान पर आरोपी ओम प्रकाश निवासी अंबाला, वीना शर्मा निवासी हाउसिंग कॉलोनी अंबाला, नेहा निवासी अंबाला, दुल्हन तारा अरोड़ा, दीप व मीत अरोड़ा निवासी खिलचियां जिला फिरोजपुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है। (प्रतीकात्मक फोटो)
Leave A Comment