प्रेम में अंधी बेटी ने बॉयफ्रेंड संग मिलकर मां को चाकू घोंपा; फिर दबाया गला !
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में 17 साल की एक लड़की ने कथित रूप से अपने दोस्त के साथ मिलकर अपनी मां पर चाकुओं से वार किया और उसके बाद गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी रविवार को मिली जिसके बाद आरोपी लड़की को हिरासत में ले लिया गया और उसके आरोपी 25 वर्षीय प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक को दो महीने पहले भी गिरफ्तार किया गया था, जब आरोपी लड़की उसके साथ घर से फरार हो गई थी। बाद में आरोपी युवक को जमानत मिल गई थी।
मृतक महिला (38 वर्षीय) भिंड जिले की रहने वाली थी और हजीरा पुलिस थाना क्षेत्र के तहत गदियापुर इलाके में अपनी बेटी के साथ रह रही थी। पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने बताया कि रविवार को पुलिस को जानकारी मिली कि महिला के घर का दरवाजा नहीं खुल रहा है, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वहां उसे महिला का लहूलुहान शव मिला। उस समय उसकी बेटी घर पर नहीं थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी लड़की की तलाश की और रविवार शाम को वह अपने मित्र के साथ मिली।
सांघी के अनुसार दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने सब्जी काटने वाले चाकू से महिला पर वार किया और फिर गला दबा कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों की फरार होने की योजना थी। शुरुआती जांच से पता चला है कि महिला दोनों के संबंधों के खिलाफ थी और इसलिए आरोपियों ने उसे रास्ते से हटाने के लिए उसकी हत्या कर दी। हजीरा पुलिस थाने के निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि दोनों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के विभिन्न प्रावधानों के तहत हत्या तथा अन्य अपराधों को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है।
Leave A Comment