कार से चार किलोमीटर घसीटे जाने के बाद महिला की मौत, पांच गिरफ्तार
नई दिल्ली। बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में रविवार को एक चौंकाने वाली घटना में 20 वर्षीय महिला की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी और उसको करीब चार किलोमीटर तक घसीटते ले गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना के सिलसिले में मारुति बलेनो में यात्रा कर रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इसे एक दुर्घटना बताया। दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने भी मामले में पुलिस को नोटिस जारी किया है।
पुलिस के अनुसार कंझावला थाने (रोहिणी जिला) में रविवार तड़के तीन बजकर 24 मिनट पर सूचना मिली कि कुतुबगढ़ इलाके की ओर जा रही एक कार से एक शव बंधा हुआ है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मंगोलपुरी के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस उपायुक्त (बाहरी) हरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि पीडि़ता का पैर कार के एक पहिये में फंस गया और उसे करीब चार किलोमीटर तक घसीटा गया। मामले में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 279 (तेजी से गाड़ी चलाना) और 304-ए (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सूत्रों ने बताया कि आरोपियों को नहीं पता था कि युवती का शव उनकी कार के साथ खिंचा चला जा रहा है। उन्होंने बताया, बाद में जब उन्हें इसका पता चला तो वे डर गए और शव को कार से हटाने के बाद फरार हो गए। पुलिस ने कहा कि कार चालक शराब के नशे में था या नहीं, इसकी जांच के लिए उसके खून के नमूने को संरक्षित कर लिया गया है।
सूत्रों ने बताया कि पीडि़ता विवाह एवं अन्य कार्यों में पार्ट टाइम काम करती थी। उन्होंने बताया कि जब यह घटना हुई, तब वह ऐसे ही एक समारोह से घर लौट रही थी। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा कि उन्होंने घटना के संबंध में दिल्ली पुलिस को समन जारी किया है। मालीवाल ने ट्वीट किया, दिल्ली की सड़कों पर एक लड़की को नशे में धुत लड़कों ने अपनी गाड़ी से कई किलोमीटर तक घसीटा। उसका शव निर्वस्त्र अवस्था में सड़क पर मिला। ये बेहद भयानक मामला है। दिल्ली पुलिस को हाजऱिी समन जारी कर रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष किया, क्या सुरक्षा व्यवस्था थी न्यू ईयर के मौक़े पे?
Leave A Comment