पीटीआई के फोटो पत्रकार गुरिंदर ओसान समेत कई पत्रकारों को रामनाथ गोयनका उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार
नयी दिल्ली. प्रेस ट्रस्ट आफ इंडिया के वरिष्ठ फोटो पत्रकार गुरिंदर ओसान को तोक्यो ओलंपिक की कवरेज के लिए मंगलवार को रामनाथ गोयनका उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया के छाया संपादक (फोटो एडिटर) ओसान ने उस समय तोक्यो ओलंपिक को कवर किया था जब दुनिया कोविड-19 महामारी से जूझ रही थी। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों को 2021 और 2022 के लिए रामनाथ गोयनका उत्कृष्ट पत्रकारिता पुरस्कार प्रदान किया। यह पुरस्कार हर साल 13 श्रेणियों में दिए जाते हैं, जिनमें हिंदी, क्षेत्रीय भाषाएं, पर्यावरण, विज्ञान और प्रौद्योगिकी रिपोर्टिंग, व्यवसाय और आर्थिक पत्रकारिता, खेल पत्रकारिता, क्षेत्रीय भाषाएं, फीचर लेखन, राजनीति और सरकार पर रिपोर्टिंग आदि शामिल हैं। हिंदी पत्रकारिता श्रेणी में बीबीसी न्यूज़ हिंदी की कीर्ति दुबे और जुगल पुरोहित, इंडिया टुडे के आनंद चौधरी, द न्यूज़ लॉन्ड्री के हृदयेश जोशी को पुरस्कार प्रदान किया गया। क्षेत्रीय भाषाओं की श्रेणी में मातृभूमि की शबिता एमके, मीडिया वन टीवी की सोफिया बिंद, कन्नड़ प्रभा के आनंद मधुसूदन और बीबीसी न्यूज़ गुजराती के तेजस वैद्य को पुरस्कार प्रदान किया गया। पर्यावरण, विज्ञान और प्रौद्योगिकी श्रेणी में, हिंदुस्तान टाइम्स की जयश्री नंदी, ईस्ट मोजो की प्रिंसेस गिरी रशीर, द न्यूज लॉन्ड्री और टीम डाउन टू अर्थ के बसंत कुमार और आयुष तिवारी को यह सम्मान मिला। इसके अलावा अन्य श्रेणियों में अन्य पत्रकारों को भी यह सम्मान प्रदान किया गया।
Leave A Comment