18वीं लोकसभा के लिए अध्यक्ष पद का चुनाव मंगलवार को होगा
नई दिल्ली। 18वीं लोकसभा के लिए अध्यक्ष पद का चुनाव कल होगा। भाजपा के वरिष्ठ सांसद ओम बिड़ला इस बार भी इस पद के लिए एनडीए के उम्मीदवार हैं। वह पिछली लोकसभा में भी अध्यक्ष थे। दूसरी तरफ विपक्षी इंडिया गुट ने इस पद के लिए कांग्रेस सांसद के. सुरेश को चुना है। दोनों उम्मीदवारों ने आज अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।
सरकार और विपक्षी दल लंबे समय की बातचीत के बावजूद इस पद के लिए आम सहमति तक पहुंचने में विफल रहे। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि लोकसभा अध्यक्ष को सर्वसम्मति से और निर्विरोध चुना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से आज तक अध्यक्ष पद के लिए कोई चुनाव नहीं हुआ। सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष के नाम पर आम सहमति बनाने के लिए विपक्षी दलों के सदन के नेताओं से बात की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाला विपक्ष शर्ते के साथ सामने आया और उसने उपाध्यक्ष पद की मांग की है। श्री रिजिजू ने कहा कि आम सहमति सशर्त नहीं होनी चाहिए और वे उप सभापति के चयन पर अलग से निर्णय लेने के लिए तैयार हैं। उन्होंने विपक्षी गुट से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की भी अपील की।
संसद के बाहर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मीडिया से कहा कि वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और जे.पी. नड्डा ने लोकसभा अध्यक्ष के चयन पर आम सहमति बनाने के लिए कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल और डीएमके सांसद टी.आर. बालू से मुलाकात की। श्री गोयल ने कहा कि उन्हें सूचित किया गया है कि उपाध्यक्ष के मुद्दे को उसके चुनाव के समय निपटाया जाएगा। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने संसद के बाहर मीडिया से कहा कि विपक्ष अध्यक्ष पद के लिए एनडीए उम्मीदवार को समर्थन देने के लिए तैयार है। लेकिन उपाध्यक्ष का पद विपक्ष को दिया जाना चाहिए।
Leave A Comment