कर्नाटक में अवैध रूप से रहने के आरोप में आठ बांग्लादेशी गिरफ्तार
उडूपी . कर्नाटक के उडुपी जिले में अवैध रूप से रह रहे आठ बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। वे पिछले तीन साल से जिले के हुदे गांव में बिना वैध पासपोर्ट या वीजा के रह रहे थे।
उडुपी के पुलिस अधीक्षक अरुण के ने बताया कि यह गिरफ्तारी तब हुई, जब मोहम्मद मानिक नामक एक आरोपी ने फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल कर मंगलुरु हवाई अड्डे से दुबई भागने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि आव्रजन अधिकारियों के संदेह पर उसे पड़ोसी दक्षिण कन्नड़ जिले के बाजपे हवाई अड्डे पर पकड़ा गया। उन्होंने कहा, "पूछताछ करने पर मानिक ने खुलासा किया कि हुदे गांव में उसके साथ सात अन्य बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से रह रहे थे।" यह जानकारी उडुपी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने इलाके में छापेमारी की। पुलिस ने शुक्रवार को सात व्यक्तियों को हिरासत में लिया और उनके बारे में विस्तृत जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपियों के पास फर्जी आधार कार्ड थे। अरुण ने बताया कि यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि आरोपियों ने ये फर्जी आधार कार्ड कैसे हासिल किए।










Leave A Comment